Dhanbad: जिले की पुलिसिंग व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में धनबाद पुलिस को पुलिस मुख्यालय से 45 नई हाईटेक पेट्रोलिंग बाइक मिली हैं। बुधवार को पुलिस लाइन में आयोजित समारोह में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने फीता काटकर तथा स्वयं बाइक चलाकर इसका शुभारंभ किया।
उपायुक्त ने कहा कि नई बाइक मिलने से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की गश्ती व्यवस्था और सुदृढ़ होगी। भीड़भाड़ वाले बाजारों, संवेदनशील इलाकों और ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की पहुंच तेज होगी, जिससे अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पुलिस व्यवस्था को आधुनिक और तकनीक से लैस बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है।
धनबाद में अब 24 घंटे गश्त के लिए किया जाएगा
उन्होंने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम को भी आधुनिक सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है। आने वाले दिनों में संचार व्यवस्था, निगरानी तंत्र और अन्य आधारभूत सुविधाओं को और मजबूत किया जाएगा ताकि आम लोगों को बेहतर पुलिस सेवा मिल सके।
एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि नई पेट्रोलिंग बाइक जिले के विभिन्न थानों को उपलब्ध करा दी गई हैं और इनका इस्तेमाल 24 घंटे गश्त के लिए किया जाएगा। उन्होंने कहा कि डायल 112 सेवा के रेस्पॉन्स टाइम में धनबाद पुलिस पूरे राज्य में बेहतर प्रदर्शन कर रही है। नई बाइक मिलने से पुलिस की प्रतिक्रिया क्षमता और अधिक तेज होगी।
आधुनिक जीपीएस सिस्टम से लैस है बाइक
उन्होंने बताया कि सभी बाइक आधुनिक जीपीएस सिस्टम, ब्लिंकर, सायरन और वायरलेस सेट जैसी सुविधाओं से लैस हैं। इसके माध्यम से कंट्रोल रूम गश्ती टीमों की लगातार निगरानी कर सकेगा। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भी धनबाद पुलिस को 70 पेट्रोलिंग बाइक, 50 सिटी हॉक्स बाइक और 40 बोलेरो वाहन उपलब्ध कराए गए थे।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों में उत्साह का माहौल देखा गया। मौके पर ग्रामीण एसपी एस मोहम्मद याकूब, डीएसपी नौशाद आलम, डीएसपी धीरेन्द्र नारायण बंका, डीएसपी सुमित कुमार, डीएसपी शंकर कामती, सार्जेंट मेजर विनोद कुजूर, सार्जेंट लक्ष्मण मेहता सहित कई पुलिस पदाधिकारी व जवान मौजूद थे।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








