Dhanbad: धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर रविवार को डीएसपी विधि व्यवस्था प्रकाश सोय ने अपराध नियंत्रण एवं विधि व्यवस्था को लेकर क्षेत्र के सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में सितंबर माह में दर्ज कांडों, निष्पादित मामलों तथा लंबित मामलों की स्थिति की समीक्षा की गई। डीएसपी ने लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करने तथा अपराध नियंत्रण में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया।
बैठक में रात्रि गश्ती को और प्रभावी बनाने, चोरी, छिनतई, अड्डाबाजी और अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने को कहा गया। संवेदनशील एवं अपराध प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने का निर्देश दिया गया।
रात्रि गश्ती बढ़ाने, जेल से छूटे अपराधियों की निगरानी और संगठित गिरोह पर कार्रवाई का आदेश
खनिज संपदा के अवैध खनन, भंडारण एवं परिवहन के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करने को कहा गया। जेल से जमानत या सजा पूरी कर बाहर आए अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने और उनके बारे में जानकारी जुटाने का निर्देश दिया गया। संगठित आपराधिक गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई के साथ सूचना तंत्र मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।
दुर्गापूजा को लेकर विशेष निर्देश
आगामी दुर्गापूजा को लेकर पूजा पंडालों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण, असामाजिक तत्वों पर निगरानी और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए गए।
थाना प्रभारियों को पूजा समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था की लगातार समीक्षा करने को कहा गया। डीएसपी ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.












