मेदिनीनगर (पलामू):
Palamu जिले के मेदिनीनगर स्थित गांधी स्मृति टाउन हॉल में मंगलवार को प्रमंडल स्तरीय मुखिया सम्मेलन 2026 का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में पलामू, गढ़वा और लातेहार जिले के मुखिया प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्घाटन ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर और मनिका विधायक रामचंद्र सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने संकेत दिए कि झारखंड में मुखिया प्रतिनिधियों का मानदेय आने वाले समय में बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पंचायती राज विभाग इस संबंध में अन्य राज्यों की व्यवस्था का अध्ययन कर रहा है और सरकार का मानना है कि जनप्रतिनिधियों को सम्मानजनक मानदेय मिलना चाहिए।
उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका को लोकतंत्र का पहला पायदान बताते हुए कहा कि गांव से लेकर राज्य तक की पहचान इन्हीं के कार्यों से बनती है। मंत्री ने बताया कि पंचायत भवनों के सुदृढ़ीकरण के लिए हर माह 15 हजार रुपये दिए जा रहे हैं, जिससे जमीनी स्तर पर बदलाव दिखाई दे रहा है।
दीपिका पांडेय सिंह ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि पंचायतों में योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित मॉनिटरिंग होनी चाहिए। पेयजल, स्वच्छता और स्थानीय जरूरतों के अनुसार योजनाओं का चयन करने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पंचायत चुनाव समय पर कराए जाएंगे और इसके लिए OBC आरक्षण के साथ तैयारी चल रही है।
वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार का लक्ष्य वंचित और अभावग्रस्त क्षेत्रों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने पलामू प्रमंडल की चुनौतियों का जिक्र करते हुए कहा कि यहां के लोगों ने लंबे समय तक गरीबी और सूखे का सामना किया है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि विभाग मानदेय बढ़ाने का प्रस्ताव भेजता है तो वह इस पर सकारात्मक निर्णय लेने के लिए तैयार हैं।
कार्यक्रम में विधायक रामचंद्र सिंह ने कहा कि मुखिया गांव की समस्याओं को सबसे बेहतर ढंग से समझते हैं और उनके अनुभव से विकास कार्यों को गति मिलती है। पंचायती राज निदेशक राजेश्वरी बी ने बताया कि पलामू प्रमंडल को करीब ढाई करोड़ रुपये की राशि प्राप्त हुई है और जल्द ही राज्य वित्त आयोग से भी फंड जारी होगा।
इस अवसर पर बेहतर कार्य करने वाले कई मुखिया प्रतिनिधियों को मंच से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पलामू उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, जिला परिषद उपाध्यक्ष आलोक सिंह समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








