Ranchi: डॉ करमा उरांव स्मृति अंतर आदिवासी छात्रावास फुटबॉल टूर्नामेंट 2025 का रोमांचक आगाज़ रांची स्थित डॉ रामदयाल मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में हुआ। टूर्नामेंट का उद्घाटन राज्य की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने किया। इस प्रतियोगिता में छात्रावास से जुड़ी लड़कों की 16 और लड़कियों की 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं।
फुटबॉल प्रतिभाओं को निखारने का मंच
उद्घाटन अवसर पर मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि खेल स्वस्थ शरीर और मजबूत मस्तिष्क के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल डॉ करमा उरांव की विचारधारा को जीवित रखने का प्रयास है, बल्कि युवाओं को फुटबॉल में अपनी छुपी हुई प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर भी देगा।
उन्होंने कहा – “फुटबॉल के मैदान में जीत-हार होती रहेगी, लेकिन इस टूर्नामेंट से खिलाड़ियों को सीखने और आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर मिलेगा।”
बंधु तिर्की ने रखी नींव
इस टूर्नामेंट की शुरुआत पिछले वर्ष पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने की थी। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य डॉ करमा उरांव की स्मृति को जीवित रखना और छात्रों के बीच खेल की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा – “झारखंड के गांव-गांव में हॉकी और फुटबॉल से युवाओं का गहरा जुड़ाव है। हमारी मिट्टी से निकले खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है और आगे भी बनाते रहेंगे।”
उद्घाटन समारोह की झलकियां
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ करमा उरांव की तस्वीर पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद जैप-1 बैंड द्वारा शानदार डिस्प्ले प्रस्तुत किया गया। उद्घाटन अवसर पर बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे, जिनमें डॉ हरि उरांव, डॉ शीतल उरांव, शांति उरांव, एलेक्स लकड़ा, बलराम उरांव, जीता उरांव, दिनेश उरांव, बिरसा उरांव, आलोक दुबे और लाल किशोरनाथ शाहदेव शामिल थे।
टूर्नामेंट में छात्रों का उत्साह
फुटबॉल टूर्नामेंट में खिलाड़ियों का जज्बा और ऊर्जा साफ झलक रही है। आयोजकों का मानना है कि यह प्रतियोगिता आने वाले दिनों में झारखंड की नई खेल प्रतिभाओं को पहचान देने और उन्हें बड़ा मंच प्रदान करने का कार्य करेगी।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








