Dhanbad: धनबाद के जोड़ापोखर थाना क्षेत्र अंतर्गत जामाडोबा डुमरी दो नंबर गली में शुक्रवार की अहले सुबह हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। फायरिंग में रिक्की सिंह नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली उसके सीने में लगी है और उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
मौके से गोली का एक खोखा तथा रोपवे का कटा हुआ तार बरामद
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब चार बजे डुमरी दो नंबर गली में अचानक दो राउंड फायरिंग हुई। गोली लगने से रिक्की सिंह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार गोली अब भी उसके सीने में फंसी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही जोड़ापोखर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सिंदरी एसडीपीओ प्रकाश चंद्र महतो ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से गोली का एक खोखा तथा रोपवे का कटा हुआ तार बरामद किया है। बरामद सामान के आधार पर पुलिस अवैध लोहा कटिंग और चोरी से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।
अवैध लोहा कटिंग में हत्या की आशंका
घायल की पत्नी चंदा कौर ने बताया कि उनके पति सुबह शौच के लिए घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान कुछ संदिग्ध युवक वहां मौजूद थे। पति द्वारा शोर मचाने पर आरोपियों ने गोली चला दी। उन्होंने हर्ष, गोपु और उनके साथियों पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि अवैध लोहा कटिंग को लेकर पहले से विवाद चल रहा था और उसी रंजिश में फायरिंग की गई।
एसडीपीओ प्रकाश चंद्र महतो ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में मामला रोपवे के लोहा कटिंग और अवैध कारोबार से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना चोरी, लोडिंग विवाद अथवा वर्चस्व की लड़ाई का परिणाम तो नहीं है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी प्रकार के अवैध कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








