हजारीबाग/रांची: मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शुक्रवार सुबह झारखंड के पूर्व विधायक अंबा प्रसाद से जुड़े विभिन्न ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की है. ईडी की टीमों ने रांची और हजारीबाग जिले में कुल 8 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की.
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, रांची के किशोरगंज स्थित अंबा प्रसाद के आवास पर ईडी की एक टीम तलाशी ले रही है, जबकि अन्य टीमें हजारीबाग और बड़कागांव स्थित ठिकानों पर जांच में जुटी हैं. यह कार्रवाई आरकेटीसी कोल ट्रांसपोर्ट से जुड़ी कथित मनी लॉन्ड्रिंग गतिविधियों के संदर्भ में की जा रही है.
ED ने पहले भी की थी छापेमारी
गौरतलब है कि इससे पहले 18 मार्च 2024 को भी ईडी ने अंबा प्रसाद, उनके पिता और पूर्व विधायक योगेंद्र साव तथा परिवार के अन्य सदस्यों के परिसरों पर छापेमारी की थी. उस दौरान हजारीबाग समेत 17 स्थानों पर कार्रवाई की गई थी, जिसमें लगभग 20 लाख रुपये नकद और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए थे.
ईडी की यह ताजा कार्रवाई हजारीबाग में कीमती लीज भूमि पर कथित अवैध कब्जे और उससे जुड़ी वित्तीय अनियमितताओं की जांच का हिस्सा मानी जा रही है. एजेंसी ने अंबा प्रसाद और उनके पिता के खिलाफ पहले ही ईसीआईआर (ECIR) दर्ज कर रखा है. फिलहाल, सभी ठिकानों पर जांच जारी है.












