Dhanbad News: शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (SNMMCH) के आपातकालीन विभाग में गुरुवार रात बड़ा हंगामा हो गया। इलाज के दौरान किसी बात को लेकर मरीज के परिजनों और चिकित्सकों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इस घटना में करीब आधा दर्जन डॉक्टर और कई स्वास्थ्यकर्मी घायल हो गए।
अस्पताल प्रशासन पर सुरक्षा व्यवस्था की घोर लापरवाही का आरोप
इस अप्रत्याशित हमले से अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद नाराज़ चिकित्सकों और कर्मचारियों ने अस्पताल प्रशासन पर सुरक्षा व्यवस्था की घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा कर दी। इसके चलते इमरजेंसी सेवाएं बाधित हो गईं, जिससे सैकड़ों मरीजों को इलाज में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
अस्पताल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी है और पूरे मामले की जांच जारी है। इस बीच, चिकित्सकों का साफ कहना है कि जब तक अस्पताल परिसर में पर्याप्त सुरक्षा नहीं दी जाती, वे कार्य पर वापस नहीं लौटेंगे।












