Ranchi: झारखंड के पूर्व सांसद Furkan Ansari ने PM Modi द्वारा नागरिकों से ईंधन बचाने, सार्वजनिक परिवहन अपनाने, कार-पूलिंग करने, ‘वर्क फ्रॉम होम’ करने और सोना नहीं खरीदने जैसी अपीलों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे केंद्र सरकार की “आर्थिक विफलता का सार्वजनिक स्वीकार” बताया।
फुरकान अंसारी ने कहा कि जब सरकारें सफल होती हैं तो वे जनता को राहत देती हैं, लेकिन जब सरकारें असफल होती हैं तो जनता से त्याग मांगती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट से ध्यान भटकाने के लिए जनता पर जिम्मेदारी डाल रही है।
उन्होंने कहा कि देश का मध्यम वर्ग, किसान, मजदूर, छोटे व्यापारी और युवा सबसे ज्यादा परेशान हैं। लगातार बढ़ती महंगाई, रोजगार की कमी और छोटे उद्योगों के बंद होने से आम लोग संकट में हैं, जबकि सरकार जनता को “जिम्मेदार नागरिक” बनने का पाठ पढ़ा रही है।
“चुनाव में चार्टर विमान, जनता के लिए बचत की सलाह”
पूर्व सांसद ने केंद्र सरकार पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनावों के दौरान हजारों करोड़ रुपये खर्च कर चार्टर विमान उड़ाए जाते हैं और बड़े-बड़े रोड शो किए जाते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होने के बाद आम जनता को पेट्रोल बचाने और घूमना बंद करने की सलाह दी जाती है।
उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर सारी पाबंदियां गरीब और मिडिल क्लास के लिए ही क्यों लागू होती हैं।
पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर केंद्र सरकार को घेरा
फुरकान अंसारी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री Manmohan Singh के कार्यकाल में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल महंगा होने के बावजूद जनता को राहत मिलती थी, जबकि वर्तमान में कच्चे तेल की कीमतें कम होने और रूस से रियायती तेल मिलने के बावजूद पेट्रोल-डीजल की कीमतें ऊंची बनी हुई हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार टैक्स के जरिए जनता की जेब पर बोझ डाल रही है और राष्ट्रवाद के नारों से असली मुद्दों से ध्यान हटाने की कोशिश कर रही है।
“सोना गरीब परिवारों की आर्थिक सुरक्षा”
पूर्व सांसद ने प्रधानमंत्री की “सोना नहीं खरीदने” वाली अपील पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भारतीय परिवारों के लिए सोना सिर्फ आभूषण नहीं, बल्कि आर्थिक सुरक्षा का माध्यम होता है। गरीब परिवार बेटियों की शादी, बीमारी और संकट के समय के लिए थोड़ा-थोड़ा सोना जोड़ते हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसी अपीलें जमीन से कटे हुए नेतृत्व की मानसिकता को दर्शाती हैं।
हेमंत सरकार की योजनाओं की तारीफ
फुरकान अंसारी ने Hemant Soren सरकार की योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि झारखंड सरकार महिलाओं और गरीबों को राहत देने का काम कर रही है। उन्होंने महिलाओं को ₹2500 प्रतिमाह सहायता और 200 यूनिट मुफ्त बिजली जैसी योजनाओं को जनता के लिए बड़ा सहारा बताया।
उन्होंने कहा कि यदि झारखंड में संवेदनशील सरकार नहीं होती तो हालात और गंभीर हो सकते थे।







