Ranchi: भाजपा के नवनियुक्त झारखंड प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र सिंह पटेल अपने खूंटी प्रवास के दौरान सोमवार को भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू पहुंचे। उन्होंने यहां धरती आबा बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान उन्होंने बिरसा मुंडा के संघर्ष, त्याग और जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए उनके योगदान को याद किया।
पटेल ने भगवान बिरसा मुंडा के वंशज सुखराम मुंडा और बुधराम मुंडा से भी मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा की धरती पर आना उनके लिए गौरव और प्रेरणा का अवसर है।
इस दौरान झारखंड भाजपा के सह-प्रभारी सौरभ सिंह और निवेदिता सिंह तथा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू भी मौजूद रहे। पटेल ने कहा कि जनजातीय समाज भाजपा की प्राथमिकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से आदिवासी समाज के लिए किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि बिरसा मुंडा के योगदान को देशभर में स्मरण करने के लिए उनके जन्मदिवस को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया।
भाजपा जनजातीय समाज के साथ संगठन का जुड़ाव और मजबूत करेगी
प्रदेश प्रभारी ने कहा कि आने वाले समय में भाजपा जनजातीय समाज के साथ संगठन का जुड़ाव और मजबूत करेगी। गांव-गांव तक संगठन की पहुंच बढ़ाने के साथ संवाद और संपर्क को प्राथमिकता देने की बात उन्होंने कही।
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने उलिहातू दौरे को पार्टी के नए प्रदेश प्रभारी और सह-प्रभारियों के कार्यभार संभालने से पहले की परंपरा से जोड़ते हुए कहा कि बिरसा मुंडा की जन्मस्थली पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि देना इसी भाव का हिस्सा है। उन्होंने राज्य सरकार पर उलिहातू के विकास को लेकर उदासीनता का आरोप लगाया। साहू ने दावा किया कि पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के कार्यकाल में गांव में सड़क और पुस्तकालय समेत विकास कार्य हुए थे, लेकिन मौजूदा सरकार के कार्यकाल में इस ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया।
सह-प्रभारी सौरभ सिंह ने कहा कि झारखंड भाजपा का संगठन मजबूत है और इसे और मजबूत करते हुए 2029 में राज्य में भाजपा की सरकार बनाने के संकल्प के साथ काम किया जाएगा। वहीं निवेदिता सिंह ने बिरसा मुंडा के परिवारजनों से मुलाकात को आत्मीय अनुभव बताते हुए उनके संघर्ष और त्याग को प्रेरणादायक बताया।
कड़िया मुंडा से लिया संगठनात्मक मार्गदर्शन
खूंटी प्रवास के दौरान गजेंद्र सिंह पटेल, सौरभ सिंह और निवेदिता सिंह ने भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व लोकसभा उपाध्यक्ष कड़िया मुंडा से भी मुलाकात की। इस दौरान झारखंड की राजनीतिक परिस्थितियों, संगठनात्मक गतिविधियों और पार्टी को मजबूत करने को लेकर चर्चा हुई।
पार्टी की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, कड़िया मुंडा ने प्रदेश प्रभारी को राज्य की राजनीतिक और सामाजिक परिस्थितियों से अवगत कराया तथा संगठन की मजबूती को लेकर सुझाव दिए। पटेल ने कहा कि वरिष्ठ नेताओं का अनुभव और मार्गदर्शन संगठन की बड़ी ताकत है।
कार्यकर्ता के घर पारंपरिक भोजन
प्रदेश प्रभारी और अन्य नेताओं ने पार्टी के पुराने कार्यकर्ता एवं मुखिया फागु मुंडा के घर पहुंचकर भोजन किया। यहां उन्हें मड़ुआ रोटी, बर्रा, धुस्का, गुलगुला, देहाती चावल, दाल और लाल साग समेत पारंपरिक व्यंजन परोसे गए। नेताओं ने परिवार के सदस्यों से भी संवाद किया।
खूंटी पहुंचने पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक झारखंडी तरीके से प्रदेश प्रभारी और सह-प्रभारियों का स्वागत किया। इसके अलावा सुभाष चौक पर सुभाष चंद्र बोस, नीचे चौक पर भगत सिंह और जयपाल सिंह मुंडा की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया गया। साइको स्थित गया सिंह मुंडा चौक पर भी पुष्पांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, नीलकंठ सिंह मुंडा, समीर उरांव, बिरंची नारायण, अमर कुमार बाउरी समेत भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.










