रांची: झारखंड भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र सिंह पटेल ने मंगलवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, रोजगार, छात्र आंदोलनों और घुसपैठ समेत कई मुद्दों को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।
अपने दो दिवसीय झारखंड दौरे का अनुभव साझा करते हुए पटेल ने कहा कि विभिन्न जिलों के लोगों से मिलने और राज्य की स्थिति को समझने के बाद उन्हें हालात चिंताजनक नजर आए। उन्होंने आरोप लगाया कि 2019 से झामुमो-कांग्रेस-राजद की सरकार सत्ता में है, लेकिन जनता को विकास के नाम पर निराशा मिली है।
शिक्षा, रोजगार और परीक्षा में गड़बड़ी का मुद्दा उठाया
गजेंद्र सिंह पटेल ने युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर भी राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं और पेपर लीक जैसी घटनाओं ने युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है।
उन्होंने JPSC, JSSC-CGL, उत्पाद सिपाही और PGT समेत कई परीक्षाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इन परीक्षाओं को लेकर लगातार विवाद सामने आए हैं। पटेल ने दावा किया कि युवाओं ने जब लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया तो उनके साथ भी कार्रवाई की गई।
भ्रष्टाचार और खनिज संपदा को लेकर सरकार पर आरोप
भाजपा प्रदेश प्रभारी ने राज्य में बालू, कोयला, पत्थर और अन्य खनिज संपदाओं को लेकर भी सरकार पर आरोप लगाए। उन्होंने DMFT फंड और जल, जंगल, जमीन से जुड़े मामलों में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि भाजपा इन मुद्दों को सड़क से सदन तक उठाती रही है।
हालांकि, इन आरोपों पर राज्य सरकार का पक्ष इस प्रेस वार्ता में सामने नहीं आया है।
घुसपैठ और SIR का भी उठाया मुद्दा
पटेल ने झारखंड में कथित घुसपैठ का मुद्दा उठाते हुए राज्य सरकार पर इसे रोकने में विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की ओर से इस विषय को लेकर सरकार को पहले भी सचेत किया गया है।
उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR का जिक्र करते हुए कहा कि वास्तविक मतदाताओं को जोड़ने और अवांछित नामों को हटाने की प्रक्रिया लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार SIR का विरोध कर रही है और इस मुद्दे पर भ्रम फैलाया जा रहा है।
कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर सवाल
भाजपा प्रदेश प्रभारी ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने हत्या, लूट, अपहरण और गोलीबारी जैसी घटनाओं का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि राज्य में अपराधियों के बीच कानून का भय कम हुआ है।
महिला सुरक्षा को लेकर भी उन्होंने सरकार से सवाल किए और कहा कि राज्य में भय का माहौल होने का दावा किया।
7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन
गजेंद्र सिंह पटेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव के तहत 7 अक्टूबर को होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि देशभर में जिला मुख्यालयों पर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ और ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ आयोजित की जाएगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। पटेल ने कहा कि भाजपा संगठन को मजबूत करने के साथ जनता से जुड़े मुद्दों को आगे भी मजबूती से उठाएगी और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को लेकर सड़क से सदन तक आंदोलन जारी रखेगी।
प्रेस वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, प्रदेश सह-प्रभारी सौरभ सिंह, निवेदिता सिंह और प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह मौजूद रहे।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis











