Jharkhand: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने शनिवार को देवघर सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल के वार्ड, ओपीडी, दवा भंडार और जांच इकाइयों का जायजा लिया और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन, डिप्टी सुपरिंटेंडेंट सहित सभी डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद पाए गए।
निरीक्षण के बाद मंत्री अस्पताल की कार्यप्रणाली से संतुष्ट नजर आए। उन्होंने कहा कि पिछले 11 महीनों में स्वास्थ्य विभाग में किए गए सुधारों का असर अब दिखने लगा है। डॉ. अंसारी ने कहा कि वे दिन-रात स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी कर रहे हैं और झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाना उनका लक्ष्य है।
मंत्री ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि अस्पताल में डॉक्टर मौजूद नहीं हैं और मरीज परेशान हैं। इस पर वे खुद अस्पताल पहुंचे, लेकिन मौके पर स्थिति सामान्य पाई गई। डॉक्टर मौजूद थे और इलाज सुचारू रूप से चल रहा था। शिकायत करने वाले व्यक्ति से संपर्क नहीं हो सका। इस पर मंत्री ने अफवाह फैलाने वालों को सख्त चेतावनी दी और कहा कि स्वास्थ्य जैसे संवेदनशील विषय पर गलत सूचना बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डॉ. इरफान अंसारी ने यह भी घोषणा की कि देवघर को जल्द ही मेडिकल कॉलेज की सौगात मिलेगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में इसका शिलान्यास किया जाएगा। इससे संथाल परगना क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं और मेडिकल शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि देवघर में क्रिटिकल केयर अस्पताल जल्द शुरू होगा, 108 एंबुलेंस सेवा को और मजबूत किया जा रहा है और सदर अस्पताल को हाईटेक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। अस्पताल में लगी सीआर मशीन का भी उन्होंने निरीक्षण किया।
अंत में मंत्री ने कहा कि वे केवल घोषणाओं में नहीं, बल्कि काम करके बदलाव लाने में विश्वास रखते हैं और देवघर को स्वास्थ्य के क्षेत्र में झारखंड का अग्रणी जिला बनाने का प्रयास जारी रहेगा।












