Jharkhand Weather News: झारखंड में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है और राज्य के विभिन्न हिस्सों में मूसलधार बारिश का खतरा मंडरा रहा है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के रांची स्थित केंद्र ने 7 अगस्त, गुरुवार को भारी बारिश को लेकर ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है.
पलामू, गढ़वा और चतरा के लिए ऑरेंज अलर्ट
आईएमडी के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी झारखंड में भारी से बहुत भारी वर्षा की आशंका है. विशेष रूप से पलामू, गढ़वा और चतरा जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां 7 से 20 मिमी तक बारिश होने की संभावना है. इन जिलों में वज्रपात, आंधी और गरज की भी चेतावनी दी गई है. नागरिकों को सुरक्षित रहने और बिना जरूरत के घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है
read more- रांची में ईडी की बड़ी कार्रवाई: 750 करोड़ GST घोटाले में छह ठिकानों पर एक साथ छापेमारी
इन जिलों के लिए येलो अलर्ट
राज्य के 9 अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां 7 से 11 मिमी तक की वर्षा हो सकती है:
- पश्चिमी सिंहभूम
- पूर्वी सिंहभूम
- सरायकेला-खरसावां
- सिमडेगा
- बोकारो
- धनबाद
- जामताड़ा
- देवघर
- दुमका
मानसून बना हुआ है पूरी तरह सक्रिय
राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. सबसे अधिक वर्षा धनबाद के गोविंदपुर में 47.4 मिमी रही. वहीं, पलामू में अधिकतम तापमान 35.5°C और लातेहार में न्यूनतम तापमान 21.4°C रिकॉर्ड किया गया. आने वाले दो दिनों में तापमान में गिरावट की संभावना जताई जा रही है.
read more- प्रयागराज में धनबाद के कुख्यात अपराधी छोटू सिंह घायल, एके-47 समेत भारी हथियार बरामद
मानसून ने तोड़ा रिकॉर्ड: सामान्य से 43% अधिक वर्षा
इस वर्ष मानसून के दौरान अब तक झारखंड में 817.4 मिमी वर्षा हो चुकी है, जो सामान्य 571.1 मिमी के मुकाबले 43% अधिक है. प्रमुख जिलों में वर्षा की स्थिति इस प्रकार रही:
- जमशेदपुर – 1445.3 मिमी
- रांची – 1089.4 मिमी
- डालटनगंज – 901.7 मिमी
- बोकारो थर्मल – 864.9 मिमी
- चाईबासा – 940.3 मिमी
- पाकुड़ – सामान्य से 13% कम
राजधानी रांची का मौसम
7 अगस्त, गुरुवार को राजधानी रांची में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. अधिकतम तापमान 29°C और न्यूनतम 23°C के आसपास रह सकता है. बारिश के कारण स्कूलों, दफ्तरों और ट्रैफिक व्यवस्था पर असर पड़ सकता है.
संवाददाता, खबर मन्त्र। रांची और आसपास के ग्रामीण अंचलों की नागरिक समस्याएं, मौसम, सड़क हादसे और स्थानीय हलचल की ग्राउंड रिपोर्टिंग।








