Gumla: गुमला जिले में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। चैनपुर थाना क्षेत्र के डढ़गांव के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे आम के पेड़ से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान अक्षय केरकेट्टा, आर्यन टोप्पो और संजीत केरकेट्टा के रूप में हुई है।
शादी समारोह में शामिल होने के लिए गए थे तीनों युवक
जानकारी के अनुसार तीनों युवक शादी समारोह में शामिल होने के लिए गए थे और देर रात अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान डढ़गांव के पास उनकी बाइक अचानक नियंत्रण खो बैठी और सीधे पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक हादसे के समय किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि हेलमेट होता तो शायद जान बच सकती थी। यह हादसा सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार के खतरों को फिर सामने लाता है।
हाल ही में इंटर की परीक्षा पास की थी
मृतकों में अक्षय केरकेट्टा ने हाल ही में इंटर प्रथम श्रेणी से पास किया था, जबकि आर्यन टोप्पो 11वीं का छात्र था। वहीं संजीत केरकेट्टा ने दो साल पहले पढ़ाई छोड़ दी थी। तीनों युवकों की मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









