Koderma: कोडरमा जिले में घरेलू विवाद के दौरान एक पति ने अपनी पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। घटना जयनगर थाना क्षेत्र के इरगोबाद गांव की है। बुधवार सुबह हुई इस वारदात में महिला पूनम देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें पहले कोडरमा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हजारीबाग मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। महिला की हालत गंभीर बताया जा रहा है।
बहस के बाद पत्नी पर चाकू से हमला
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 10 बजे पूनम देवी और उनके पति संतोष पासवान के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई। विवाद बढ़ने पर संतोष ने घर में रखे चाकू से पत्नी की गर्दन पर कई वार कर दिए। हमले में पूनम देवी गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ीं।
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घायल महिला को तत्काल कोडरमा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। गर्दन पर गंभीर चोट और अधिक खून बहने के कारण उनकी हालत नाजुक बताई गई। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें हजारीबाग मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
आरोपी पति हिरासत में
घटना की सूचना मिलने के बाद जयनगर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी सौरव कुमार ने बताया कि घायल महिला के पति संतोष पासवान को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के परिजनों ने उसके मानसिक रूप से बीमार होने की बात कही है। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह और विवाद की परिस्थितियों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है और आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल, घायल महिला की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









