Ranchi: राजधानी रांची के पंडरा इलाके में जिला प्रशासन ने भ्रूण लिंग निर्धारण (Sex Determination) के एक बड़े खेल का पर्दाफाश किया है। डीसी मंजूनाथ भजन्त्री के कड़े निर्देश पर रविवार को स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने पंडरा के रवि स्टील चौक के पास छापेमारी की। यहाँ अवैध रूप से गर्भवती महिलाओं का अल्ट्रासाउंड कर लिंग की जांच की जा रही थी। प्रशासन ने मौके से एक पोर्टेबल यूएसजी (USG) मशीन जब्त करते हुए तीन आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
शराब दुकान वाली गली में चल रहा था अवैध सेंटर
जानकारी के अनुसार, पंडरा स्थित रवि स्टील चौक से महज 300 मीटर की दूरी पर, शराब दुकान के सामने वाली गली में यह अवैध धंधा फल-फूल रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। छापेमारी के दौरान एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट स्मृति, रातु थाना पुलिस और PC & PNDT सेल के कर्मी वहां पहुंचे। टीम ने देखा कि बंद कमरे में पोर्टेबल USG मशीन (Make: Micromaxx, Serial No. WK1DPQ) के जरिए गर्भवती महिलाओं की जांच की जा रही थी।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार, जा सकते हैं जेल
मौके से जिन तीन आरोपियों को दबोचा गया है, उनमें सुरंजन कुमार (पिता- युधेश्वर प्रसाद), आकाश कुमार (पिता- रंभू साहू) और शीला कुमारी (पुत्री- महेंद्र महतो) शामिल हैं। यह पूरी गतिविधि ‘PC & PNDT एक्ट’ (Pre-Conception and Pre-Natal Diagnostic Techniques Act) का सीधा उल्लंघन है, जिसके तहत बिना रजिस्ट्रेशन मशीन चलाना और लिंग जांच करना गैर-कानूनी और संज्ञेय अपराध है।
Read More- कोडरमा में युवक की पीट-पीटकर हत्या, इलाके में तनाव का माहौल
प्रशासन की चेतावनी: लाइसेंस रद्द होगा और जेल जाना पड़ेगा
सिविल सर्जन ने रातु थाना प्रभारी को पत्र लिखकर तीनों के खिलाफ सख्त धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया है। मामले को साक्ष्यों के साथ कोर्ट में पेश किया जाएगा।
इस कार्रवाई पर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा-“सरकार की कठोर नीति के तहत राज्य में लिंग निर्धारण को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जनजातीय बहुल क्षेत्र में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान को सफल बनाने के लिए ऐसी ताकतों को कुचलना जरूरी है।”
प्रशासन ने सभी क्लीनिक संचालकों को चेतावनी दी है कि उल्लंघन करने पर सीधे मशीन जब्ती, लाइसेंस रद्द और जेल की सजा होगी। साथ ही जनता से भी अपील की गई है कि ऐसे सेंटरों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









