Kml desk: 9 सितंबर से शुरू होने वाले एशिया कप टी-20 के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का ऐलान कर दिया गया है। मुख्य चयनकर्ता अजीत आगरकर ने मंगलवार दोपहर 3 बजे टीम के नामों की सूची जारी की। इस टूर्नामेंट में टीम की कमान सूर्यकुमार यादव संभालेंगे, जबकि शुभमन गिल को उपकप्तान की जिम्मेदारी सौंपी गई है। टीम में अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे और अक्षर पटेल जैसे बल्लेबाज व ऑलराउंडर प्लेयर शामिल किए गए हैं। वहीं विकेटकीपर की भूमिका संजू सैमसन निभाएंगे। गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, हर्षित राणा और अर्शदीप सिंह को जगह मिली है। इसके अलावा यशस्वी जायसवाल और वॉशिंगटन सुंदर को रिज़र्व खिलाड़ियों में रुप में रखा गया है।
10 सितंबर को है भारत का पहला मुकाबला
इस वर्ष भारत को टूर्नामेंट की मेजबानी करनी थी, लेकिन पाकिस्तान के भारत में खेलने से इनकार करने के बाद इसे यूएई (UAE) में आयोजित किया जा रहा है। भारत अपना पहला मैच 10 सितंबर को यूएई के खिलाफ खेलेगा।
भारत-पाकिस्तान भिड़ंत की संभावनाएं
बता दें कि इस टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान के बीच कुल तीन मुकाबले देखने को मिल सकते हैं। पहला मैच 14 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में होगा। यदि दोनों टीमें सुपर-4 में पहुंचती हैं, तो 21 सितंबर को दूसरा मुकाबला होगा। फाइनल तक पहुंचने पर 28 सितंबर को तीसरी बार भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे।

न्यूज डेस्क राइटर, खबर मन्त्र। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल जगत और वायरल समसामयिक विषयों पर त्वरित और सटीक समाचार संपादन।









