Dhanbad News : जितिया पर्व के मौके पर शुक्रवार को दामोदर नदी में स्नान करने गई 16 वर्षीय युवती के डूब जाने से सुदामडीह थाना क्षेत्र के अमलाबाद में हड़कंप मच गया। घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग नदी किनारे जुट गए। डूबी युवती की पहचान सोनाक्षी कुमारी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, सोनाक्षी लोदना स्थित अपनी नानी के घर आई हुई थी। जितिया पर्व को लेकर वह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ अमलाबाद स्थित दामोदर नदी में स्नान करने गई थी। इसी दौरान वह नदी के गहरे हिस्से में चली गई और देखते ही देखते पानी में डूब गई।
एक युवक को ग्रामीणों ने सुरक्षित निकाला
घटना के दौरान नदी में एक अन्य युवक अमन भी पानी में फंस गया था। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
वहीं, सोनाक्षी के डूबने की खबर मिलते ही नदी किनारे लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोग अपने स्तर पर नदी में उसकी तलाश करने में जुट गए। प्रशासन को भी घटना की सूचना दे दी गई है।
सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों ने उठाई मांग
ग्रामीणों का कहना है कि नदी में स्नान के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होना जरूरी है। उन्होंने बताया कि नदी किनारे सुरक्षित स्नान के लिए सीढ़ियों का निर्माण कराया जा रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक, यदि नदी किनारे स्नान के लिए बेहतर और सुरक्षित व्यवस्था हो, तो भविष्य में इस तरह की घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है।
समाचार लिखे जाने तक सोनाक्षी कुमारी की तलाश जारी थी।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis











