नई दिल्ली/रांची: झारखंड के शहरी विकास की नई उपलब्धि में राज्य के दो शहरों ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। जमशेदपुर और बुंडू को स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया है। इस सम्मान समारोह का आयोजन गुरुवार, 17 जुलाई 2025 को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में किया गया।
जमशेदपुर को 3-10 लाख की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देश का तीसरा सबसे स्वच्छ शहर घोषित किया गया। इस सम्मान को महामहीम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने प्रदान किया। वहीं, बुंडू को “प्रॉमिसिंग स्वच्छ शहर” के खिताब से नवाजा गया, जिसका सम्मान केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर ने दिया।
जमशेदपुर को मिला 5-स्टार रैंक, बुंडू समेत कई शहर ODF++ में शामिल
झारखंड के शहरी निकायों का प्रदर्शन अन्य श्रेणियों में भी उल्लेखनीय रहा है:
- जमशेदपुर को 5-स्टार रेटिंग और वाटर प्लस शहर का दर्जा मिला।
- देवघर, जुगसलाई और चाकुलिया को वन स्टार रैंकिंग मिली।
- बुंडू, चिरकुंडा, राजमहल, साहिबगंज और देवघर ODF++ श्रेणी में शामिल किए गए।
झारखंड के नेतृत्व को मिला राष्ट्रीय स्तर पर सराहना
झारखंड के माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व और नगर विकास मंत्री श्री सुदिब्य कुमार के मार्गदर्शन में यह सफलता हासिल हुई। इस मौके पर नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव श्री सुनील कुमार, राज्य शहरी विकास अभिकरण के निदेशक श्री सूरज कुमार, जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के विशेष पदाधिकारी श्री कृष्ण कुमार, और बुंडू नगर पंचायत के प्रतिनिधियों ने सम्मान ग्रहण किया।
महामहीम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने झारखंड सरकार, शहरी विकास विभाग और खासतौर पर जमशेदपुर और बुंडू के नागरिकों को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25: झारखंड की तैयारी और कदम
राज्य ने स्वच्छता में सुधार के लिए कई रणनीतिक पहलें कीं, जिनमें शामिल हैं:
- डोर-टू-डोर वेस्ट कलेक्शन को लागू करना।
- कचरे का पृथक्करण और प्रोसेसिंग को प्राथमिकता देना।
- सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध और रीसाइक्लिंग को बढ़ावा देना।
- स्वच्छता ऐप के जरिये नागरिकों की शिकायतों का त्वरित निपटारा।
- सभी नगर निकायों में जागरूकता अभियान और कार्यशालाओं का आयोजन।
वरिष्ठ अधिकारियों ने दी प्रतिक्रिया
प्रधान सचिव श्री सुनील कुमार ने इस सफलता का श्रेय मुख्यमंत्री के नेतृत्व, विभागीय मंत्री के मार्गदर्शन और राज्य के नागरिकों को दिया। उन्होंने कहा कि आने वाले सर्वेक्षण में और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
राज्य शहरी विकास अभिकरण के निदेशक श्री सूरज कुमार ने कहा:
“यह उपलब्धि झारखंड के लिए गौरव का क्षण है। यह नगर निकायों के अधिकारियों, सफाईकर्मियों और नागरिकों के निरंतर सहयोग का परिणाम है।”

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis







