1 अगस्त को झारखंड के सभी 24 जिलों में धरना
मीडिया से बातचीत के दौरान प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने घोषणा की कि 1 अगस्त को झारखंड के सभी 24 जिलों में भाजपा धरना प्रदर्शन करेगी। इसके अलावा 31 जुलाई की शाम को प्रत्येक जिले में मशाल जुलूस भी निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी चाहती है कि आंदोलन कर रहे छात्रों को यह महसूस हो कि वे अकेले नहीं हैं और भाजपा उनके साथ मजबूती से खड़ी है।“छात्रों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं”
आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि पिछले छह वर्षों में राज्य में कांग्रेस समर्थित सरकार के कार्यकाल के दौरान JPSC, JSSC-CGL और उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षाओं सहित कई भर्ती प्रक्रियाओं में गंभीर गड़बड़ियां सामने आई हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रश्नपत्र लीक और भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं ने युवाओं के रोजगार पर सीधा असर डाला है। उन्होंने कहा कि हाल में आयोजित 14वीं JPSC परीक्षा को लेकर भी छात्रों ने कई सवाल उठाए हैं, लेकिन सरकार इस मामले में गंभीरता नहीं दिखा रही है।कांग्रेस पर साधा निशाना
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राष्ट्रीय स्तर पर युवाओं के मुद्दों पर प्रदर्शन करती है, लेकिन झारखंड में भर्ती परीक्षाओं को लेकर छात्रों के आंदोलन पर चुप्पी साधे हुए है। उनका कहना था कि राज्य के युवाओं को न्याय दिलाने के लिए विपक्ष को भी खुलकर सामने आना चाहिए।“बारिश में भी आंदोलन कर रहे छात्र”
आदित्य साहू ने कहा कि कई दिनों से छात्र लगातार सड़कों पर आंदोलन कर रहे हैं। भारी बारिश के बावजूद छात्र अपने अधिकारों की मांग को लेकर धरना दे रहे हैं, लेकिन सरकार और प्रशासन उनकी समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने आंदोलनरत छात्रों को राहत पहुंचाने के लिए भी कोई विशेष व्यवस्था नहीं की।CBI जांच की मांग दोहराई
भाजपा ने एक बार फिर मांग की कि JPSC, JSSC-CGL, उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा सहित सभी विवादित भर्ती प्रक्रियाओं की निष्पक्ष CBI जांच कराई जाए। पार्टी का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित किए बिना छात्रों का भरोसा बहाल नहीं हो सकता।एंटी पेपर लीक कानून पर भी भाजपा का बयान
केंद्र सरकार द्वारा लाए गए सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 का उल्लेख करते हुए आदित्य साहू ने कहा कि यह कानून परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विपक्ष पर इस विधेयक का विरोध करने को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि अच्छे कानूनों का विरोध करना उनकी राजनीतिक आदत बन गई है।कार्यक्रम में ये सांसद रहे मौजूद
संसद परिसर में आयोजित मौन उपवास में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के साथ भाजपा के कई सांसद भी मौजूद रहे। इनमें बीडी राम, विद्युत वरण महतो, डॉ. प्रदीप वर्मा, ढुल्लू महतो, मनीष जायसवाल और कालीचरण सिंह शामिल थे।
विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









