रांची: 2029 के लोकसभा चुनाव को लेकर झारखंड कांग्रेस ने अभी से संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने राज्य की सभी 14 लोकसभा सीटों के लिए संसदीय क्षेत्र टीमों के गठन की अधिसूचना जारी की है। साथ ही, इन टीमों की जिम्मेदारियां और कामकाज के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश भी तय किए गए हैं।
13 अक्टूबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, इस पहल का उद्देश्य पार्टी संगठन को बूथ और प्रखंड स्तर तक मजबूत करना, जनसंपर्क बढ़ाना और चुनावी रणनीति को योजनाबद्ध तरीके से तैयार करना है। इस पहल की परिकल्पना झारखंड कांग्रेस के प्रभारी के. राजू ने की है। पार्टी ने आगामी चुनाव में कांग्रेस और INDIA गठबंधन की संभावनाओं को मजबूत करने पर जोर दिया है।
प्रदेश उपाध्यक्ष करेंगे टीमों का नेतृत्व
निर्धारित व्यवस्था के तहत प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र की टीम का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के एक उपाध्यक्ष करेंगे, जिन्हें संसदीय क्षेत्र प्रभारी बनाया जाएगा। उनके सहयोग के लिए सह-प्रभारी भी नियुक्त होंगे। टीम में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष, जिला प्रभारी, विधानसभा क्षेत्र प्रभारी और प्रखंड कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शामिल रहेंगे।
इन टीमों को अपने-अपने क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियों, जनसंपर्क और कार्यकर्ताओं की सक्रियता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की जिम्मेदारी दी गई है।
पिछले तीन चुनावों के नतीजों का होगा विश्लेषण
कांग्रेस की नई रणनीति में आंकड़ों के आधार पर चुनावी तैयारी को खास महत्व दिया गया है। दिशा-निर्देशों के अनुसार, संसदीय क्षेत्र की टीमें पिछले तीन लोकसभा चुनावों के परिणामों का विस्तृत विश्लेषण करेंगी। इसमें मत प्रतिशत में बदलाव, स्थानीय राजनीतिक परिस्थितियों और चुनावी रुझानों का अध्ययन किया जाएगा।
इसके अलावा, जिला कांग्रेस कमेटी, जिला राजनीतिक मामलों की समिति और चुनाव अभियान समिति की मासिक बैठकों में टीमों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया है।
जनसंपर्क और नए नेतृत्व को तैयार करने पर जोर
संसदीय क्षेत्र की टीमें क्षेत्र के प्रभावशाली लोगों, नागरिक समाज के प्रतिनिधियों, ट्रेड यूनियन नेताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से लगातार संवाद स्थापित करेंगी। साथ ही, सक्रिय युवा और उभरते कार्यकर्ताओं की पहचान कर उन्हें संगठन में आगे बढ़ाने तथा भविष्य के नेतृत्व के रूप में तैयार करने पर भी ध्यान दिया जाएगा।
हर सीट के लिए बनेगा 2029 का मास्टर प्लान
पार्टी के निर्देशों के मुताबिक, प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र की टीम अपने इलाके की राजनीतिक और सामाजिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए 2029 के चुनाव के लिए विस्तृत मास्टर प्लान तैयार करेगी। इसमें स्थानीय समस्याओं, क्षेत्रवार मुद्दों, संगठन की कमजोरियों और जनसंपर्क की जरूरतों को शामिल किया जाएगा। योजना को लागू करने के लिए हर महीने लक्ष्य, समयसीमा और कार्ययोजना भी तय करनी होगी।
डिजिटल मॉनिटरिंग से होगी कामकाज की समीक्षा
टीमों के कामकाज की निगरानी के लिए डिजिटल व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत प्रत्येक सदस्य को JPCC ऐप के माध्यम से हर पखवाड़े अपनी कार्यप्रगति की रिपोर्ट देनी होगी। इसके अलावा, Google Forms के जरिए मासिक प्रगति रिपोर्ट जमा करना भी अनिवार्य किया गया है।
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सह मीडिया चेयरमैन सतीश पौल मुजनी की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, इस पहल के जरिए चुनावी तैयारियों को केवल मतदान के नजदीक तक सीमित रखने के बजाय लगातार संगठन विस्तार, जनसंपर्क और नियमित समीक्षा के माध्यम से आगे बढ़ाने की योजना है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








