Ranchi: दुर्गा पूजा के दौरान राज्य में सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर झारखंड पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को पुलिस मुख्यालय, रांची में डीजीपी तरुण मिश्रा की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा बैठक हुई। बैठक में एडीजी, आईजी, एसएसपी, एसपी समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और प्रतिमा विसर्जन को लेकर अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए गए। सभी जिलों में 24 घंटे कंट्रोल रूम संचालित करने और किसी भी घटना की सूचना तत्काल उपलब्ध कराने को कहा गया।
पंडालों की होगी कड़ी निगरानी
अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी लाइसेंसी और गैर-लाइसेंसी पूजा पंडालों का सत्यापन कराया जाए। वरिष्ठ अधिकारियों को पंडालों का भौतिक निरीक्षण करने के लिए भी कहा गया है।
संवेदनशील पंडालों की विशेष निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन का इस्तेमाल करने का निर्देश दिया गया। भीड़ वाले इलाकों में बैरिकेडिंग, सुरक्षित पार्किंग और महिला-पुरुषों के लिए अलग-अलग प्रवेश एवं निकास की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
आग और आपात स्थिति से निपटने की तैयारी
बैठक में पंडालों में अग्निशमन व्यवस्था और आपातकालीन चिकित्सा सुविधा दुरुस्त रखने पर जोर दिया गया। बिजली व्यवस्था की भी जांच करने और किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन को यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि पंडालों में आपात स्थिति आने पर लोगों को सुरक्षित तरीके से बाहर निकालने की पर्याप्त व्यवस्था मौजूद रहे।
महिला सुरक्षा पर भी विशेष फोकस
दुर्गा पूजा के दौरान महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए हैं। छेड़खानी और महिलाओं से जुड़ी घटनाओं पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया है। साथ ही सोशल मीडिया पर भी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अफवाह या आपत्तिजनक सामग्री के जरिए माहौल बिगाड़ने की कोशिश को समय रहते रोका जा सके।
शराब और असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों को पूजा के दौरान शराब और अन्य नशीले पदार्थों के सेवन पर नियंत्रण रखने तथा असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
भीड़भाड़ वाले इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मियों और दंडाधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है।
विसर्जन के दौरान भी रहेगी विशेष निगरानी
बैठक में प्रतिमा विसर्जन को लेकर भी विशेष तैयारी के निर्देश दिए गए। विसर्जन मार्गों की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त बल की तैनाती करने को कहा गया है।
अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पूजा के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए पहले से तैयारी रखी जाए और जरूरत पड़ने पर त्वरित कार्रवाई की जाए। इसके लिए क्विक रिस्पांस टीमों को भी तैयार रखने पर जोर दिया गया।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









