Jharkhand: गिरिडीह जिले में अवैध शराब निर्माण और कारोबार के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में जावा महुआ और अवैध महुआ शराब बरामद की है। उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर उत्पाद विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बराहमोरिया गांव में सघन छापेमारी अभियान चलाया।
उत्पाद अधीक्षक शिव प्रसाद साहू के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान अवैध महुआ चुलाई शराब बनाने वाली कई भट्टियों को ध्वस्त कर दिया गया। टीम ने गांव में संचालित अवैध शराब निर्माण केंद्रों, कारोबारियों के घरों और संभावित ठिकानों की तलाशी ली।
छापेमारी के दौरान अवैध शराब निर्माण के लिए संग्रहित लगभग 9000 किलोग्राम जावा महुआ बरामद किया गया, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इसके अलावा आपूर्ति के लिए तैयार करीब 350 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब भी जब्त की गई।
अधिकारियों के अनुसार, छापेमारी दल को देखते ही अवैध शराब कारोबार से जुड़े कई लोग मौके से फरार हो गए। फरार आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गिरिडीह में अवैध शराब निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। प्रशासन द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध नियमित छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
जब्त सामग्री
- जावा महुआ : लगभग 9000 किलोग्राम
- अवैध महुआ चुलाई शराब : लगभग 350 लीटर
इस अभियान में मुफ्फसिल थाना प्रभारी एवं पुलिस निरीक्षक श्याम किशोर महतो, उत्पाद अवर निरीक्षक महेंद्र देवगम, पुलिस अवर निरीक्षक प्रियानन, पु०स०अ०नि० राहुल कुमार सहित उत्पाद विभाग, पुलिस बल, गृहरक्षक बल तथा जिला क्यूआरटी (QRT) के जवान शामिल रहे।
कंटेंट राइटर एवं रिपोर्टर, खबर मन्त्र। झारखंड के स्थानीय समाचार, महिला विकास, कला और लाइफस्टाइल खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।








