Potka: झारखंड के पोटका में प्रखंड सह अंचल कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों की लेटलतीफी पर विधायक संजीव सरदार ने कड़ी नाराजगी जताई। मंगलवार सुबह औचक निरीक्षण के दौरान अधिकांश अधिकारी-कर्मचारी कार्यालय में मौजूद नहीं मिले। इससे नाराज विधायक मुख्य द्वार पर ही कुर्सी लगाकर बैठ गए और करीब एक घंटे तक कर्मचारियों के आने का इंतजार किया। देर से पहुंचे कुछ पुरुष अधिकारियों और कर्मचारियों को उन्होंने माला पहनाकर व्यंग्यात्मक अंदाज में स्वागत किया और समय पर कार्यालय पहुंचने की हिदायत दी।
पोटका प्रखंड कार्यालय में विधायक का औचक निरीक्षण
विधायक संजीव सरदार मंगलवार सुबह करीब 10:10 बजे पोटका प्रखंड सह अंचल कार्यालय पहुंचे। उस समय अधिकांश अधिकारी और कर्मचारी कार्यालय से अनुपस्थित थे। करीब 10:25 बजे अंचलाधिकारी निकिता बाला कार्यालय पहुंचीं और विधायक से अंदर बैठने का अनुरोध किया, लेकिन विधायक ने इनकार कर दिया। वह मुख्य द्वार पर ही बैठे रहे और अधिकारियों-कर्मचारियों के पहुंचने के समय पर नजर रखते रहे। विधायक करीब 11:30 बजे तक कार्यालय के मुख्य द्वार पर मौजूद रहे।
देर से पहुंचे कर्मचारियों को माला पहनाकर जताई नाराजगी
औचक निरीक्षण के दौरान प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी मनीषा कुमारी, श्रम पदाधिकारी धीरज कुमार, मनरेगा बीपीओ गुरुचरण महतो, क्लर्क अब्दुल रहमान, कार्तिक दास और लेडी सुपरवाइजर समेत कई कर्मचारी देर से कार्यालय पहुंचे।
विधायक ने लेटलतीफ अधिकारियों और कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए समय पर कार्यालय पहुंचने का निर्देश दिया। वहीं, देर से पहुंचे कुछ पुरुष अधिकारियों-कर्मचारियों को माला पहनाकर व्यंग्यात्मक तरीके से उनका स्वागत किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी कार्यालयों में समय की पाबंदी जरूरी है और आम जनता को अपने काम के लिए घंटों इंतजार नहीं करना चाहिए।
SIR के काम में देरी से ग्रामीणों को हो रही परेशानी
विधायक संजीव सरदार ने बताया कि वर्तमान में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का कार्य चल रहा है। पोटका क्षेत्र में 20 हजार से अधिक मतदाता विसंगति सूची में शामिल हैं। ऐसे में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपने दस्तावेजों में सुधार कराने के लिए प्रखंड मुख्यालय पहुंच रहे हैं।
विधायक के मुताबिक, उन्हें लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि मतदाता सूची से जुड़े कार्यों का निष्पादन धीमी गति से हो रहा है। इसके कारण दूर-दराज के गांवों से आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इन्हीं शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने कार्यालय का औचक निरीक्षण किया।
कार्यशैली सुधारें, नहीं तो कार्रवाई के लिए रहें तैयार: संजीव सरदार
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि ग्रामीण अपना काम छोड़कर सुबह-सुबह प्रखंड कार्यालय पहुंचते हैं। ऐसे में यदि अधिकारी और कर्मचारी समय पर कार्यालय में मौजूद नहीं रहेंगे, तो लोगों को बेवजह इंतजार करना पड़ेगा। उन्होंने इसे अस्वीकार्य बताते हुए कर्मचारियों को अपनी कार्यशैली में सुधार लाने की चेतावनी दी।
विधायक ने बताया कि देर से कार्यालय पहुंचने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की शिकायत वरीय अधिकारियों से की गई है। साथ ही, संबंधित कर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया है।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को जनता से जुड़े कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने की हिदायत दी। विधायक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरकारी कार्यालयों में लापरवाही और लेटलतीफी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो अधिकारी-कर्मचारी जनता के काम में लापरवाही बरतेंगे, उन्हें कार्रवाई के लिए तैयार रहना होगा।
कंटेंट राइटर एवं रिपोर्टर, खबर मन्त्र। झारखंड के स्थानीय समाचार, महिला विकास, कला और लाइफस्टाइल खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।









