रांची: राजधानी रांची में शारदीय नवरात्र की चतुर्थी के साथ दुर्गा पूजा का उत्साह बढ़ने लगा है। शहर के भव्य पूजा पंडाल श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए तैयार हैं। बुधवार, 14 अक्टूबर से शहर के नौ प्रमुख पूजा पंडालों के पट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इसके साथ ही रांची की सड़कों पर मेले जैसा नजारा देखने को मिलेगा। पंडालों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, सफाई और नागरिक सुविधाओं को लेकर विशेष तैयारी की है।
शहर के अलग-अलग इलाकों में पूजा पंडालों के उद्घाटन का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। श्रीरामलला पूजा समिति, जिला स्कूल में शाम 5:30 बजे राज्यपाल संतोष गंगवार उद्घाटन करेंगे। यहां नौ कन्याओं का पूजन भी होगा। चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति, मेन रोड में शाम 6 बजे, भारतीय युवक संघ, बकरी बाजार में शाम 6 बजे और ओसीसी क्लब, बांग्ला स्कूल में शाम 7 बजे उद्घाटन होगा।
रांची रेलवे स्टेशन दुर्गा पूजा समिति में रात 8 बजे, ज्योति संगम, अपर बाजार में शाम 7 बजे, त्रिकोण हवन कुंड दुर्गा पूजा, कचहरी में शाम 7:30 बजे और राजस्थान मित्र मंडल, सेवा सदन रोड में शाम 6 बजे उद्घाटन निर्धारित है। वहीं, गीतांजलि क्लब, मोरहाबादी में भी राज्यपाल के हाथों शाम 6 बजे उद्घाटन प्रस्तावित है।
मेन रोड में वाहनों की एंट्री पर रोक, 23 जगह पार्किंग
दुर्गा पूजा के दौरान भीड़ और जाम को नियंत्रित करने के लिए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। मेन रोड में 14 अक्टूबर को दोपहर 3:30 बजे से अगले दिन सुबह 3 बजे तक निजी वाहनों, ऑटो, ई-रिक्शा और छोटे मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।
15 से 21 अक्टूबर तक शहर के अन्य प्रमुख मार्गों पर भी निर्धारित ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा। न्यू मार्केट चौक से किशोरगंज चौक तक वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। कचहरी चौक से शहीद चौक, अलबर्ट एक्का चौक और सुजाता चौक की ओर निजी वाहन, ऑटो और ई-रिक्शा नहीं जा सकेंगे।
आवश्यक सामग्री की आपूर्ति करने वाले वाहनों को सुबह 3 बजे से 8 बजे तक प्रवेश की अनुमति होगी। भारी वाहनों के प्रवेश का समय सुबह 4 बजे से 8 बजे तक निर्धारित किया गया है। कांके रोड से कचहरी आने वाले छोटे वाहन जाकिर हुसैन पार्क और रेडियम रोड होकर जा सकेंगे। सुजाता चौक से आने वाले निजी वाहन सैनिक मार्केट और चर्च कॉम्प्लेक्स तक ही जा सकेंगे। वहीं, लालपुर से कोकर जाने वाली सड़क वन-वे रहेगी।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शहर में 23 पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। इनमें सैनिक मार्केट, चर्च कॉम्प्लेक्स, जिला स्कूल, बालकृष्ण स्कूल परिसर, हरमू मैदान, आरएलएसवाई कॉलेज परिसर, न्यू मार्केट ऑटो स्टैंड, बरियातू मैदान, शहीद मैदान और नागा बाबा खटाल के पास के स्थल शामिल हैं। इसके अलावा बाहरी इलाकों में 17 प्रमुख स्थानों पर ड्रॉप गेट बनाए जाएंगे, जबकि शहर के अंदर 144 स्थानों पर ड्रॉप गेट लगाए गए हैं।
16 अक्टूबर से पांच रूटों पर मुफ्त सिटी बस सेवा
दुर्गा पूजा में श्रद्धालुओं को राहत देने के लिए रांची नगर निगम 16 अक्टूबर से पांच रूटों पर निःशुल्क सिटी बस सेवा शुरू करेगा। ये बसें गोंदलीपोखर, तुपुदाना, कांके, ओरमांझी और पंडरा रोड में रिंग रोड से रांची के बीच चलेंगी। इस व्यवस्था से आसपास के क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं को शहर तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। साथ ही, निजी वाहनों की संख्या कम करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।
नगर निगम ने बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अपने 10 आश्रयगृहों में मुफ्त रात्रि विश्राम की व्यवस्था की है। इसके अलावा शहर के सुलभ शौचालय 24 घंटे खुले रहेंगे और श्रद्धालुओं को इनके इस्तेमाल के लिए शुल्क नहीं देना होगा।
पूजा के दौरान नगर निगम का कंट्रोल रूम भी चौबीसों घंटे सक्रिय रहेगा। पेयजल, स्ट्रीट लाइट, साफ-सफाई और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी शिकायतें हेल्पलाइन नंबर 18005701235 पर दर्ज कराई जा सकेंगी।
175 पूजा पंडालों की सफाई में लगेंगे 1200 कर्मचारी
दुर्गा पूजा के दौरान शहर को स्वच्छ रखने के लिए नगर निगम ने 175 पूजा पंडालों में सफाई की विशेष व्यवस्था की है। इसके लिए 1200 सफाईकर्मियों को लगाया जाएगा। प्रत्येक पंडाल के लिए अलग टीम तैनात की गई है, जो पंडाल और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई सुनिश्चित करेगी।
ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने 14 से 21 अक्टूबर तक लोगों से अनावश्यक रूप से निजी वाहन लेकर घर से नहीं निकलने की अपील की है। उन्होंने चारपहिया वाहनों के बजाय दोपहिया वाहनों का इस्तेमाल करने, निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने और यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी है।
प्रशासन की कोशिश है कि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए बेहतर सुविधाएं मिलें और भीड़ के बावजूद शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे। ऐसे में पूजा पंडालों में जाने से पहले ट्रैफिक प्रतिबंधों और पार्किंग व्यवस्था की जानकारी रखना लोगों के लिए उपयोगी होगा।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









