Ranchi News- Rajya Sabha चुनाव को लेकर झारखंड की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। इसी सिलसिले में झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू और तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्का रांची पहुंचे, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ अहम बैठक की। इस बैठक में आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर महागठबंधन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, कांग्रेस नेताओं और गठबंधन के कई वरिष्ठ प्रतिनिधियों की मौजूदगी रही। चर्चा का मुख्य केंद्र राज्यसभा की दोनों सीटों पर महागठबंधन की जीत सुनिश्चित करना और भाजपा को चुनावी मुकाबले में मात देना रहा।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने कहा कि कांग्रेस हाईकमान की स्पष्ट अपेक्षा है कि झारखंड की दोनों राज्यसभा सीटें महागठबंधन के खाते में जाएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा के उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए सभी पहलुओं पर गंभीरता से रणनीति बनाई जा रही है।
के. राजू ने बताया कि इसी उद्देश्य से तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्का को रांची भेजा गया है, ताकि चुनावी समीकरणों और गठबंधन की मजबूती पर समन्वय स्थापित किया जा सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व, कांग्रेस विधायक दल और अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ विस्तृत चर्चा हुई है।
उन्होंने आगे कहा कि गठबंधन का लक्ष्य बिल्कुल साफ है—भाजपा को हराना और महागठबंधन के दोनों उम्मीदवारों को राज्यसभा भेजना। साथ ही उन्होंने संकेत दिए कि अगले एक-दो दिनों में कांग्रेस हाईकमान और गठबंधन सहयोगियों के साथ और बातचीत के बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि फिलहाल सभी दल एकजुट होकर चुनावी तैयारी में जुटे हैं और राज्यसभा की दोनों सीटों पर जीत दर्ज करने को लेकर पूरी गंभीरता से काम किया जा रहा है।








