Ranchi: झारखंड प्रदेश टैक्सी यूनियन की हड़ताल सोमवार को लगातार चौथे दिन भी जारी रही। यूनियन का आरोप है कि Ola जैसी कैब एग्रीगेटर कंपनियां टैक्सी चालकों को मनमाने बेस रेट पर काम करने के लिए मजबूर कर रही हैं। साथ ही, यात्रियों की शिकायतों के आधार पर बिना समुचित जांच के कई ड्राइवरों की आईडी बंद कर दी जाती है, जिससे उनके सामने रोज़गार का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
ये भी देखें: सोना-चांदी छोड़िए…अब चोरों का नया ‘टेस्ट’, Hazaribag में ऐसी चोरी कि सुनकर लोग रह गए दंग
आज से Ranchi एयरपोर्ट पर Ola सेवा का पूर्ण बहिष्कार
यूनियन के अध्यक्ष अमित ओझा ने बताया कि आज से रांची एयरपोर्ट पर Ola सेवा का पूर्ण बहिष्कार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि Uber और Rapido ने यूनियन की कुछ मांगों पर सकारात्मक पहल की है। इसी कारण निर्णय लिया गया है कि आज से रांची में Uber की सेवाएं जारी रहेंगी, ताकि आम लोगों को आवागमन में कम से कम परेशानी हो।
खबर मंत्र से बातचीत में टैक्सी यूनियन के सदस्यों ने बताया कि आज रांची प्रेस क्लब में ‘आत्ममंथन एवं विमर्श’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस बैठक में टैक्सी चालक यह विचार करेंगे कि भविष्य में डिजिटल कैब कंपनियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए अपने हितों की रक्षा कैसे की जाए।
यूनियन का कहना है कि यदि उनकी प्रमुख मांगों पर संतोषजनक समाधान नहीं निकला, तो आंदोलन को आगे और तेज किया जा सकता है।












