Ranchi: चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने बुधवार को रांची में विरोध-प्रदर्शन किया। राजभवन के समक्ष हुए प्रदर्शन में पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग की।
SIR के तहत बड़ी संख्या में पात्र मतदाताओं के नाम हटाए गए
झामुमो नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग में हाल के फैसलों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त और दो चुनाव आयुक्तों के बीच मतभेद सामने आए हैं। पार्टी ने दावा किया कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में 14 बार लिखित आपत्तियां दर्ज की हैं। इस संबंध में मीडिया रिपोर्टों में भी 14 आपत्तियों का उल्लेख हुआ है।
पार्टी का आरोप है कि SIR के तहत बड़ी संख्या में पात्र मतदाताओं के नाम हटाए गए। झामुमो ने इसे मताधिकार से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताते हुए चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग की।
हालांकि, चुनाव आयोग के अधिकारियों ने इन रिपोर्टों के बाद कहा था कि SIR समेत आयोग के सभी फैसलों को तीनों चुनाव आयुक्तों की मंजूरी प्राप्त थी।
मतदाता सूची से जुड़े फैसलों की निष्पक्ष समीक्षा जरूरी
रांची, महानगर, खूंटी, लोहरदगा और रामगढ़ जिला समितियों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रदर्शन में केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य, सांसद महुआ माजी, विधायक विकास मुंडा समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
झामुमो ने कहा कि मतदाता सूची से जुड़े फैसलों की निष्पक्ष समीक्षा जरूरी है। पार्टी की ओर से जारी बयान में कहा गया कि लोकतांत्रिक संस्थाओं में जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.










