Ranchi: JSSC CGL परीक्षा में कथित अनियमितता से जुड़े मामले में जेल में बंद आरोपी अभय तिवारी की जमानत याचिका पर शुक्रवार को CID की विशेष अदालत में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान अदालत के निर्देश के अनुसार CID ने केस डायरी न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत की। इसके बाद जमानत याचिका को लेकर CID और बचाव पक्ष की ओर से आंशिक बहस हुई।
आंशिक बहस पूरी होने के बाद अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 1 अक्टूबर की तारीख निर्धारित की है। सुनवाई के दौरान CID ने अभय तिवारी की जमानत याचिका का विरोध किया।
अभय तिवारी को JSSC CGL परीक्षा में अनियमितता से जुड़े कांड संख्या 1/2025 में CID ने इसी साल जुलाई में गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान CID ने अभय तिवारी के अलावा उसकी पत्नी और भाई को भी इस मामले में आरोपी बनाते हुए गिरफ्तार किया है। तीनों फिलहाल न्यायिक हिरासत में जेल में बंद हैं।
अभय तिवारी का नाम JPSC परीक्षा में कथित अनियमितता से जुड़े एक अन्य मामले में भी सामने आया है। इस संबंध में CID ने कांड संख्या 16/2026 दर्ज किया है। इस मामले में अभय तिवारी की जमानत याचिका पहले ही खारिज हो चुकी है।
अब JSSC CGL मामले में अभय तिवारी की जमानत याचिका पर 1 अक्टूबर को होने वाली अगली सुनवाई पर दोनों पक्षों की दलीलों के बाद अदालत का रुख स्पष्ट होगा।
कंटेंट राइटर एवं रिपोर्टर, खबर मन्त्र। झारखंड के स्थानीय समाचार, महिला विकास, कला और लाइफस्टाइल खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।








