Jharkhand: झारखंड में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। लंबे इंतजार के बाद झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी जेटेट (JTET) 2026 का आयोजन 1 नवंबर को होने जा रहा है। परीक्षा में 4.40 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) की ओर से परीक्षा की तैयारियां पूरी की जा रही हैं।
परीक्षा राज्य के अलग-अलग केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित होगी। कक्षा 6 से 8 के लिए परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक, जबकि कक्षा 1 से 5 के लिए दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक परीक्षा होगी।
कब से डाउनलोड होगा एडमिट कार्ड?
जेटेट 2026 में शामिल होने वाले अभ्यर्थी 15 अक्टूबर से जैक की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले पहुंचना होगा।
जैक के निर्देश के अनुसार परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले मुख्य गेट बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा।
आधार कार्ड साथ लाना जरूरी
परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड के साथ मूल आधार कार्ड लेकर जाना अनिवार्य होगा। वहीं, परीक्षा हॉल के अंदर मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच या किसी अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
जैक ने अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले सभी दिशा-निर्देश ध्यान से पढ़ने की सलाह दी है। नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित अभ्यर्थी की पात्रता रद्द की जा सकती है और इसकी जिम्मेदारी अभ्यर्थी की होगी।
दिव्यांग अभ्यर्थियों को 30 मिनट अतिरिक्त समय
जेटेट में दृष्टिबाधित, सेरेब्रल पाल्सी (सीपी) और दोनों हाथों से दिव्यांग अभ्यर्थियों को 30 मिनट अतिरिक्त समय दिया जाएगा। पात्र अभ्यर्थी नियमानुसार श्रुतिलेखक की सुविधा भी ले सकेंगे। इसके लिए परीक्षा से पहले संबंधित जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) कार्यालय में सिविल सर्जन या जिला शल्य चिकित्सा पदाधिकारी की ओर से जारी दिव्यांगता प्रमाण पत्र जमा करना होगा। प्रमाण पत्र में दिव्यांगता का प्रतिशत दर्ज होना जरूरी है।
डीईओ कार्यालय प्रमाण पत्र और आवेदन की जांच के बाद अधिकतम कक्षा नौवीं में अध्ययनरत विद्यार्थी को श्रुतिलेखक के रूप में अधिकृत कर सकेगा।
2016 के मुकाबले 1.87 लाख ज्यादा आवेदन
जेटेट के लिए इस बार आवेदन की संख्या में बड़ा इजाफा हुआ है। राज्य में पिछली शिक्षक पात्रता परीक्षा 2016 में आयोजित हुई थी, जिसमें करीब 2.53 लाख आवेदन आए थे। इसके बाद लंबे समय तक परीक्षा आयोजित नहीं हो सकी। वर्ष 2024 में करीब 3.50 लाख आवेदन आए थे, लेकिन परीक्षा नहीं हुई।
अब 2026 में आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 4.40 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। यानी 2016 की तुलना में इस बार करीब 1.87 लाख अधिक आवेदन आए हैं। लंबे अंतराल के बाद परीक्षा आयोजित होने से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के परीक्षा में शामिल होने की उम्मीद है। परीक्षा से जुड़े केंद्र, प्रवेश पत्र और अन्य दिशा-निर्देश जैक की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे।
कंटेंट राइटर एवं रिपोर्टर, खबर मन्त्र। झारखंड के स्थानीय समाचार, महिला विकास, कला और लाइफस्टाइल खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।








