Jharkhand News: झारखंड में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। उत्तर-पश्चिम से आने वाली बर्फीली हवाओं के कारण कई जिले शीतलहर की गिरफ्त में हैं। सबसे अधिक ठिठुरन गुमला में दर्ज की गई, जहां तापमान गिरकर 3.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने रांची समेत 11 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सावधान रहने और आवश्यक सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
रांची में न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री
राजधानी रांची में भी ठंड ने अपने तेवर दिखाए और न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं कांके का पारा और नीचे जाकर 4.4 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। जमशेदपुर में 9.6 डिग्री, खूंटी में 5 डिग्री, बोकारो में 8.2 डिग्री और डालटनगंज में 6.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। सुबह और रात के समय गलन इतनी बढ़ गई है कि खुले स्थानों पर निकलना मुश्किल हो गया है।
ठंड से राहत की कोई उम्मीद नहीं
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार अगले पांच दिनों तक राज्य में ठंड से राहत की कोई उम्मीद नहीं है। इस दौरान मौसम शुष्क रहेगा और अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 2–3 डिग्री की हल्की बढ़ोतरी संभव है, लेकिन ठंड का प्रभाव बना रहेगा। 13 दिसंबर तक सुबह के समय कोहरा और धुंध छाए रहने की संभावना जताई गई है।
संवाददाता, खबर मन्त्र। रांची और आसपास के ग्रामीण अंचलों की नागरिक समस्याएं, मौसम, सड़क हादसे और स्थानीय हलचल की ग्राउंड रिपोर्टिंग।








