Koderma: कोडरमा जिले में सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार को नाबालिग छात्रा के यौन शोषण के आरोप में पुलिस ने शनिवार देर रात हिरासत में लिया। पीड़िता हजारीबाग जिले की रहने वाली है। उसने आरोपी डॉक्टर के खिलाफ ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद कोडरमा के एसपी कुमार शिवाशीष ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की थी। टीम ने शनिवार देर रात चंदवारा थाना क्षेत्र के उरवां स्थित सिविल सर्जन के रेस्टोरेंट के पास से डॉ. अनिल कुमार को हिरासत में लिया। इसके बाद उन्हें पूछताछ के लिए तिलैया डैम ओपी ले जाया गया।
इलाज के दौरान संपर्क में आने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, वर्ष 2025 में नाबालिग छात्रा अपनी मां के साथ इलाज कराने के सिलसिले में डॉ. अनिल कुमार के संपर्क में आई थी। आरोप है कि इसी दौरान डॉक्टर ने उसे बहला-फुसलाकर उसका यौन शोषण किया। पीड़िता ने बाद में कोडरमा महिला थाना में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई और कार्रवाई की मांग की।
महिला थाना में छात्रा से पूछताछ
मामले की जांच के तहत पुलिस नाबालिग छात्रा को कोडरमा महिला थाना लेकर आई, जहां उसका बयान दर्ज करने और घटनाक्रम से जुड़ी जानकारी जुटाने की प्रक्रिया चल रही है। एसडीपीओ प्रमोद केशरी और महिला थाना प्रभारी छात्रा से पूछताछ कर रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग में हलचल
सिविल सर्जन जैसे महत्वपूर्ण पद पर तैनात अधिकारी के खिलाफ गंभीर आरोप सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में भी हलचल है। हालांकि, पुलिस ने अब तक जांच की प्रगति को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।
फिलहाल डॉ. अनिल कुमार का पक्ष भी सामने नहीं आया है। आरोपों की पुष्टि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही हो सकेगी। पुलिस की आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों पर निर्भर करेगी।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









