Koderma: देह व्यापार की सूचना पर होटल में पुलिस की रेड, 3 जोड़े हिरासत में
Koderma News: कोडरमा के चंदवारा थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में पुलिस ने देर रात छापेमारी कर कथित देह व्यापार के मामले में 3 जोड़ों को हिरासत में लिया। पढ़ें पूरी खबर।
Koderma:झारखंड के कोडरमा जिले में पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए चंदवारा थाना क्षेत्र के उरवां मोड़ स्थित एक होटल में छापेमारी की। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि होटल में कथित रूप से देह व्यापार का अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन युवक-युवतियों के जोड़ों को हिरासत में लिया है। फिलहाल सभी से चंदवारा थाना में पूछताछ की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, कोडरमा एसपी कुमार शिवाशीष को सूचना मिली थी कि उरवां मोड़ स्थित बाबा लाइन होटल में लंबे समय से कथित तौर पर देह व्यापार का धंधा चल रहा है। सूचना में यह भी बताया गया था कि इस गतिविधि में बिहार से आए कुछ लोगों की भी संलिप्तता हो सकती है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने देर रात होटल में छापेमारी कर कार्रवाई की।
छापेमारी में 3 जोड़े हिरासत में
पुलिस कार्रवाई के दौरान होटल से तीन युवक-युवतियों के जोड़ों को हिरासत में लिया गया। सभी को पूछताछ के लिए चंदवारा थाना लाया गया है। पुलिस होटल के संचालक, वहां आने-जाने वाले लोगों और कथित अवैध गतिविधियों के संबंध में भी जांच कर रही है।
अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Koderma: दो साल पहले भी हो चुकी थी ऐसी कार्रवाई
यह पहली बार नहीं है जब चंदवारा क्षेत्र में इस तरह की कार्रवाई हुई हो। करीब दो वर्ष पहले जमुखाड़ी स्थित झील रेस्टोरेंट में भी कथित देह व्यापार की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी की थी। उस कार्रवाई में रेस्टोरेंट संचालक सहित कई लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
स्थानीय लोगों का दावा है कि उस घटना के बाद उरवां मोड़ स्थित बाबा लाइन होटल में इस तरह की गतिविधियां संचालित होने की चर्चाएं लगातार सामने आती रही हैं। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस द्वारा नहीं की गई है।
जांच के बाद सामने आ सकती हैं कई चौंकाने वाली जानकारियां