Lohardaga: लोहरदगा जिले में बुधवार को एक बड़ा हादसा हुआ है। कुडू थाना क्षेत्र के बड़की चांपी गांव में बारात से लौट रहा डीजे लदा पिकअप वाहन 11 हजार वोल्ट के हाई वोल्टेज बिजली तार की चपेट में आ गया। हादसा इतना भयावह था कि वाहन में अचानक करंट फैल गया और उसमें सवार युवक उसकी चपेट में आ गए। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
नीचे झूल रहे बिजली तार ने ली जान
जानकारी के अनुसार, बड़की चांपी गांव से बारात लातेहार गई थी। बुधवार को लौटते समय पुलिस पिकेट के पास घुमावदार मोड़ पर सड़क किनारे नीचे झूल रहा 11 हजार वोल्ट का तार डीजे वाहन से टकरा गया। तार के संपर्क में आते ही पूरे वाहन में करंट दौड़ गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
अस्पताल में युवक को मृत घोषित किया गया
घटना में सुमित उरांव, सत्येंद्र उरांव और प्रिंस उरांव गंभीर रूप से घायल हुए। ग्रामीणों की मदद से तीनों को तुरंत लोहरदगा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सुमित उरांव को मृत घोषित कर दिया। वहीं दो अन्य युवकों का इलाज जारी है।
बिजली विभाग पर उठे सवाल
इस हादसे ने एक बार फिर बिजली विभाग की लापरवाही को उजागर कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में कई जगह हाई वोल्टेज तार नीचे झूल रहे हैं, जिसकी शिकायत पहले भी की गई थी। लोगों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
Read More- Big Breaking : झारखंड कैबिनेट की बैठक खत्म, 40 अहम प्रस्तावों पर लगी मुहर

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








