Ranchi: परमवीर चक्र विजेता अमर शहीद लांस नायक अलबर्ट एक्का के परिवार से जुड़े ट्रैक्टर मामले में झारखंड सरकार ने तत्काल कार्रवाई की है। अखबार में प्रकाशित खबर का संज्ञान लेते हुए कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने शहीद के सुपुत्र भिन्सेंट एक्का को ट्रैक्टर की चाबी सौंपी।
मंत्री ने मामले की जानकारी लेने के लिए विभागीय अधिकारियों और संबंधित एजेंसी के प्रतिनिधियों को बुलाया। अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेने के बाद उन्होंने संबंधित एजेंसी को शोकॉज नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।
पूरे मामले में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी
मंत्री के मुताबिक, भिन्सेंट एक्का को मुख्यमंत्री के निर्देश पर कृषि कार्य के लिए सरकार की ओर से ट्रैक्टर उपलब्ध कराया गया था। उन्होंने कहा कि विभाग को समुचित जानकारी दिए बिना एजेंसी द्वारा ट्रैक्टर वापस ले जाना उचित प्रक्रिया नहीं थी।
मंत्री ने कहा कि पूरे मामले में विभागीय नियमों और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को शहीद परिवारों से जुड़े मामलों में सम्मान, संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ काम करने का निर्देश दिया।
अधिकारियों के व्यवहार पर उचित कार्रवाई की मांग
भिन्सेंट एक्का ने भी अधिकारियों के व्यवहार को लेकर अपनी आपत्ति मंत्री के समक्ष रखी और उचित कार्रवाई की मांग की। मंत्री ने उनकी बात सुनी और मामले में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।
शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा, “परमवीर चक्र विजेता शहीद लांस नायक अलबर्ट एक्का केवल झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के गौरव हैं।” उन्होंने कहा कि शहीद परिवार के सम्मान की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है।
इस मौके पर गुमला जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजनील तिग्गा, चैनपुर प्रमुख प्रमोद खलखो, जिला कांग्रेस महासचिव अलबर्ट तिग्गा और पंचायत समिति सदस्य सुनीता एक्का मौजूद थीं।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.










