रांची: SIR, MMDR और OBC कॉलम से जुड़े मुद्दों को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने राज्यभर में विरोध प्रदर्शन करने की बात कही है। शनिवार को प्रदेश राजद प्रवक्ता कैलाश यादव ने देवघर विधायक और राजद विधायक दल के नेता सुरेश पासवान से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान संगठन और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर चर्चा हुई।
कैलाश यादव के मुताबिक, बातचीत के दौरान सुरेश पासवान ने SIR, MMDR और OBC कॉलम हटाए जाने के मुद्दे पर पार्टी कार्यकर्ताओं से सड़क पर उतरकर विरोध करने की बात कही।
SIR को लेकर राजद ने उठाए सवाल
राजद प्रवक्ता कैलाश यादव ने SIR की प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि इससे बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए। उन्होंने दावा किया कि इसका असर गरीब, ग्रामीण, कम पढ़े-लिखे और दूसरे राज्यों में मजदूरी करने वाले लोगों पर पड़ा है।
यादव ने SIR की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की मांग करते हुए कहा कि पार्टी इस मुद्दे पर लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन करेगी।
MMDR और OBC कॉलम को लेकर भी विरोध
राजद विधायक दल के नेता सुरेश पासवान ने MMDR को लेकर केंद्र सरकार पर झारखंड के खनिज संसाधनों और राज्य के राजस्व से जुड़े हितों को प्रभावित करने का आरोप लगाया। वहीं, OBC कॉलम के मुद्दे पर भी राजद नेताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।
राजद नेताओं ने कहा कि इन मुद्दों को लेकर पार्टी राज्यभर में विरोध कार्यक्रम आयोजित करेगी।
4 अक्टूबर को धुर्वा में पुतला दहन
कैलाश यादव ने बताया कि 4 अक्टूबर को शाम 4:30 बजे धुर्वा बस स्टैंड पर रांची जिला राजद की ओर से पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उनके अनुसार, कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से किया जाएगा।
कार्यक्रम में रांची में रहने वाले राजद के नेता और कार्यकर्ताओं के शामिल होने की बात कही गई है।
सुरेश पासवान से मुलाकात के दौरान महिला राजद नेत्री ऊषा यादव, पार्वती ठाकुर, आशा देवी, शारदा देवी समेत अन्य लोग मौजूद थे।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis











