रांची: ‘स्वच्छता ही सेवा–2026’ अभियान के तहत गुरुवार को नामकुम प्रखंड में विशेष स्वच्छता श्रमदान और जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने खुद सफाई अभियान में हिस्सा लिया और लोगों से स्वच्छता को रोजमर्रा की आदत बनाने की अपील की।
कार्यक्रम का आयोजन स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत किया गया। इसका उद्देश्य स्वच्छता के प्रति लोगों की भागीदारी बढ़ाने के साथ-साथ प्लास्टिक के इस्तेमाल को कम करना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
मंत्री ने खुद किया श्रमदान, लोगों ने भी बढ़ाया हाथ
कार्यक्रम के दौरान मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने स्थल और आसपास के क्षेत्र में सफाई कर श्रमदान किया। उनके साथ जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने भी सफाई अभियान में हिस्सा लिया।
मंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपने घर, गांव और आसपास के सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने की अपील की।
प्लास्टिक की जगह कपड़े के थैले का संदेश
कार्यक्रम में सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल को कम करने पर विशेष जोर दिया गया। मंत्री ने लोगों से प्लास्टिक की जगह कपड़े के थैले का इस्तेमाल करने की अपील की।
इस दौरान आम लोगों के बीच कपड़े के थैले भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में लोगों को यह संदेश दिया गया कि रोजमर्रा के छोटे बदलावों के जरिए प्लास्टिक प्रदूषण को कम करने में योगदान दिया जा सकता है।
‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत पौधारोपण
स्वच्छता अभियान के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया गया। मंत्री और अधिकारियों ने पौधे लगाए और लोगों को हरित पर्यावरण के संरक्षण के लिए प्रेरित किया।
इसके अलावा स्वच्छता शपथ, सेल्फी प्वाइंट और अन्य जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की गईं। कार्यक्रम के दौरान गुब्बारे उड़ाकर स्वच्छता और जन-जागरूकता का संदेश भी दिया गया।
कचरा प्रबंधन और जनभागीदारी पर जोर
पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सचिव अबु इमरान ने ग्रामीण क्षेत्रों में ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन (SLWM) को प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकारी प्रयासों के साथ समुदाय की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
वहीं, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की मिशन निदेशक रंजीता हेम्ब्रम ने स्वच्छता ही सेवा अभियान को सिर्फ एक कार्यक्रम तक सीमित रखने के बजाय इसे लगातार चलने वाले जनभागीदारी और व्यवहार परिवर्तन के अभियान के रूप में आगे बढ़ाने की बात कही।
कार्यक्रम में संयुक्त सचिव शशिंद्र बड़ाइक, नामकुम के BDO, UNICEF के WASH Expert कुमार प्रेमचंद समेत विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis











