धनबाद: चर्चित नन्हे खान हत्याकांड मामले में गुरुवार को अदालत में एक अहम गवाही दर्ज की गई। फहीम खान के पुत्र इकबाल खान ने न्यायालय में बयान देते हुए साफ कहा कि जमीन पर कब्जा करने की नियत से प्रिंस खान, बंटी खान और गॉडविन खान ने अपने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर नन्हे खान की सरेआम हत्या कराई थी। अदालत ने अभियोजन पक्ष को आगे के गवाह प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।
दिन-दहाड़े की गई थी हत्या
यह घटना 24 नवंबर 2021 की है, जब दोपहर लगभग 3:20 बजे दो बाइक पर सवार चार शूटरों ने 37 वर्षीय जमीन कारोबारी नन्हे खान को गोलियों से भून डाला। उस वक्त नन्हे बुलेट मोटरसाइकिल से जा रहे थे। गोलीबारी के बाद अपराधी फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल नन्हे को एसएनएमएमसीएच अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दर्ज हुई थी प्राथमिकी, 12 नामजद
हत्या के बाद नन्हे के भाई अल्ताफ आलम उर्फ रूमी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसमें कुल 12 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया। इन नामों में गोपी खान उर्फ जियाउर रहमान, गॉडविन खान उर्फ शौकत अली, बंटी खान उर्फ जियाउल हक, प्रिंस खान उर्फ हैदर अली, शम्मी, इरफान मुखिया, हैदर खान, हीरा ड्राइवर, भोमा रजा, डिक्की, अनवर और डिम्पी शामिल हैं।
चार्जशीट 20 लोगों के खिलाफ
पुलिस ने इस मामले में प्रिंस खान की मां नसरीन खातून, बंटी खान, गॉडविन, अनवर उर्फ रहमत, डिक्की अंसारी उर्फ मुर्तुजा, हैदर खान, आजाद आलम और शाहबाज आलम सहित 20 लोगों के खिलाफ चार्जशीट दायर की है। वहीं, मुख्य आरोपी प्रिंस खान, गोपी खान समेत कुछ अन्य के खिलाफ जांच अब भी जारी है।
यह हत्याकांड धनबाद के आपराधिक इतिहास में एक और जघन्य घटना के रूप में दर्ज हो गया है, जिसमें राजनीतिक और संपत्ति विवाद की गूंज साफ नजर आती है। अब न्यायालय की कार्रवाई पर निगाहें टिकी हैं।












