भारत के गोल्डन बॉय नीरज चोपड़ा ने एक बार फिर देश को गौरवान्वित किया है. दोहा डायमंड लीग 2025 में शुक्रवार को हुए मेन्स जैवलिन थ्रो मुकाबले में उन्होंने 90.23 मीटर की दूरी पर भाला फेंककर न केवल दूसरा स्थान हासिल किया, बल्कि अपने करियर में पहली बार 90 मीटर का बैरियर पार करते हुए नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बना डाला. यह किसी भी भारतीय एथलीट का अब तक का सर्वश्रेष्ठ जैवलिन थ्रो है.
नीरज का पहला प्रयास शानदार रहा, जिसमें उन्होंने 88.44 मीटर का थ्रो किया. दूसरा प्रयास फाउल रहा, लेकिन तीसरे प्रयास में उन्होंने 90.23 मीटर की ऐतिहासिक दूरी पार कर दी. इसके बाद उनके चौथे, पांचवें और छठे थ्रो क्रमश: 80.56 मीटर, फाउल, और 88.20 मीटर रहे.
वेबर ने आखिरी में छीना पहला स्थान
जर्मनी के जूलियन वेबर ने अपने छठे और अंतिम प्रयास में 91.06 मीटर का थ्रो करते हुए नीरज चोपड़ा को पछाड़ दिया और पहला स्थान हासिल कर लिया. डायमंड लीग के नियमों के अनुसार, वेबर को 8 अंक और नीरज को 7 अंक मिले हैं.
डायमंड लीग 2025 का फाइनल मुकाबला 27 और 28 सितंबर को ज्यूरिख में होगा, जहां टॉप स्कोरिंग एथलीट्स को डायमंड ट्रॉफी के लिए आमंत्रित किया जाएगा.
किशोर जेना का प्रदर्शन फीका रहा
नीरज के साथ प्रतियोगिता में शामिल भारतीय एथलीट किशोर जेना का प्रदर्शन औसत रहा. उन्होंने पहला प्रयास 68.07 मीटर, दूसरा 78.60 मीटर, तीसरा फाउल, चौथा 74.80 मीटर, और पांचवां 77.28 मीटर का थ्रो किया, जबकि छठे प्रयास में वे थ्रो नहीं कर सके.
पीएम मोदी ने दी बधाई
नीरज चोपड़ा के इस ऐतिहासिक प्रदर्शन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी है और अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर ट्वीट कर कहा कि “नीरज चोपड़ा ने फिर साबित कर दिया कि भारत के खिलाड़ी हर सीमा को पार कर सकते हैं. 90 मीटर की दूरी पार करना एक ऐतिहासिक उपलब्धि है. देश को तुम पर गर्व है.”
A spectacular feat! Congratulations to Neeraj Chopra for breaching the 90 m mark at Doha Diamond League 2025 and achieving his personal best throw. This is the outcome of his relentless dedication, discipline and passion. India is elated and proud. @Neeraj_chopra1 pic.twitter.com/n33Zw4ZfIt
— Narendra Modi (@narendramodi) May 17, 2025












