NEET UG 2026: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 की नई तारीख की आधिकारिक घोषणा कर दी है। पेपर लीक के विवादों के बीच रद्द हुई परीक्षा अब रविवार, 21 जून 2026 को दोबारा आयोजित की जाएगी।
शुक्रवार सुबह NTA द्वारा जारी बयान के अनुसार, परीक्षा की सुचिता बनाए रखने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
पेपर लीक के कारण रद्द हुई थी 3 मई की परीक्षा
गौरतलब है कि NEET-UG परीक्षा पहले 3 मई को भारत के 551 शहरों और विदेशों के 14 शहरों में आयोजित की गई थी। इस परीक्षा में लगभग 22.79 लाख छात्र शामिल हुए थे। हालांकि, पेपर लीक की शिकायतों और गड़बड़ी की आशंकाओं के बाद, सरकार और NTA ने कड़ा कदम उठाते हुए 12 मई को इस परीक्षा को रद्द करने का फैसला किया था।
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस
NEET री-एग्जाम को लेकर मचे घमासान के बीच, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवास पर गुरुवार शाम एक उच्च स्तरीय बैठक हुई। सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में परीक्षा के नए सुरक्षा प्रोटोकॉल और निष्पक्षता सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। शिक्षा मंत्री जल्द ही एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरे मामले पर विस्तृत जानकारी साझा करेंगे।
छात्रों के लिए जरूरी सूचना
नई परीक्षा के लिए फ्रेश एडमिट कार्ड जल्द ही NTA की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे। क्या परीक्षा केंद्र बदले जाएंगे या पुराने ही रहेंगे, इस पर स्थिति प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद स्पष्ट होगी। ताजा अपडेट्स के लिए छात्र लगातार exams.nta.ac.in/NEET पर नजर बनाए रखें।







