Koderma: कोडरमा थाना क्षेत्र अंतर्गत मिटको कॉलोनी भंडरवा में 14 मई को हुई नेहा राज की निर्मम हत्याकांड मामले का पुलिस ने महज 36 घंटे में खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने पति-पत्नी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हत्याकांड को अवैध संबंध में अंजाम दिया गया था।
पुलिस ने इस केस में सलैया निवासी रोहित राणा और उसकी पत्नी देवंती देवी को मुख्य आरोपी बनाया है। साथ ही मृतका के पति शम्भू राणा को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, चाकू, दो मोबाइल फोन और घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए हैं।
सीसीटीवी फुटेज से मिला अहम सुराग
पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष ने प्रेसवार्ता में बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए SIT का गठन किया गया था। टीम ने एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह और डीएसपी रतिभान सिंह के नेतृत्व में जांच शुरू की।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुआ, जिसमें आरोपी रोहित राणा और उसकी पत्नी को घटना वाले दिन मृतका के घर की ओर जाते देखा गया था। इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया।
अवैध संबंध और बदले की भावना बनी वजह
पुलिस के अनुसार, आरोपी रोहित राणा मृतका नेहा राज के पति का फुफेरा चाचा है। पूछताछ में सामने आया कि उसकी पत्नी देवंती देवी के शम्भू राणा के साथ अवैध संबंध थे। इसी को लेकर विवाद और बदले की भावना में यह हत्या की गई।
रोहित राणा ने बताया कि उसने अपनी पत्नी के साथ मिलकर पहले गला दबाकर हत्या की और फिर चाकू से गला रेत दिया ताकि मौत पूरी तरह सुनिश्चित हो सके। पत्नी बाहर निगरानी कर रही थी। घटना को अंजाम देने के बाद हत्या में प्रयुक्त चाकू ने आरोपियों ने तालाब में फेंक दिया।
पुलिस जांच में आगे की कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि मृतका नेहा राज के पति शम्भू राणा को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी देवंती देवी ने शंभू पर जबरन अवैध संबंध बनाने का आरोप लगाया है जिसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया है।
हालांकि मृतका का मोबाइल फोन अभी तक बरामद नहीं हुआ है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और तेज पुलिस कार्रवाई को लेकर लोगों में मिश्रित प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








