Ranchi:Nepalमें आई भीषण प्राकृतिक आपदा के बीच रांची से सामने आई एक खबर ने परिवार की चिंता बढ़ा दी है। रांची के कोकर इलाके का रहने वाला एक युवक नेपाल में बाढ़ और तबाही के बाद से लापता बताया जा रहा है। मंगलवार को परिवार से आखिरी बार बात हुई थी, लेकिन इसके बाद से उसका फोन संपर्क नहीं हो पा रहा है। परिवार लगातार उसकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए बैठा है और नेपाली अधिकारियों के साथ-साथ एंबेसी से भी संपर्क करने की कोशिश कर रहा है।
लापता युवक की पहचान रामप्रसाद घोष के रूप में हुई है। वह रांची के कोकर स्थित हैदर अली रोड नंबर 12 के निवासी बताए जा रहे हैं। रामप्रसाद नेपाल के अपर त्रिशूली क्षेत्र में एंड्रिट्ज हाइड्रो पावर कंपनी में एडमिन के पद पर कार्यरत थे। जानकारी के मुताबिक, वह करीब 6 से 7 महीने पहले इस कंपनी से जुड़े थे।
मंगलवार को हुई थी परिवार से आखिरी बातचीत
परिजनों के मुताबिक, मंगलवार को रामप्रसाद घोष से परिवार की बातचीत हुई थी। इसके बाद नेपाल में प्राकृतिक आपदा की जानकारी सामने आने पर गुरुवार को परिवार ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
लगातार संपर्क नहीं होने के बाद परिवार की चिंता बढ़ गई है। परिजन रामप्रसाद की जानकारी हासिल करने के लिए एंबेसी से भी लगातार संपर्क कर रहे हैं।
दो महीने पहले छुट्टी पर आए थे रांची
बताया गया कि रामप्रसाद करीब दो महीने पहले छुट्टी पर रांची आए थे। छुट्टी खत्म होने के बाद वह वापस नेपाल चले गए थे और अपर त्रिशूली क्षेत्र में अपनी नौकरी कर रहे थे।
Nepal में आई आपदा के बाद से संपर्क टूटने की खबर ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। उनके भाई की हालत भी बेहद खराब बताई जा रही है और वह ठीक से बात नहीं कर पा रहे हैं।
परिवार को अब भी सुरक्षित वापसी की उम्मीद
रामप्रसाद के परिजन अब भी उम्मीद कर रहे हैं कि वह सुरक्षित होंगे और जल्द ही उनकी कोई जानकारी सामने आएगी। परिवार लगातार संपर्क स्थापित करने की कोशिश में जुटा है। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि नेपाल में आई तबाही के बीच रामप्रसाद घोष कहां हैं और उनकी स्थिति कैसी है?

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









