Garhwa: गढ़वा जिले के मेराल थाना क्षेत्र के करकोमा गांव स्थित तेतरियादामर टोला में छठ पर्व के दौरान एक दुखद घटना सामने आई है। दानरो नदी छठ घाट पर पूजा-अर्चना कर रही 23 वर्षीय नवविवाहिता लीलावती देवी की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।
मृतका की पहचान भोला चौधरी की पुत्री लीलावती देवी के रूप में हुई है। उसकी शादी दो वर्ष पहले पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के कंकारी गांव निवासी अर्जुन चौधरी के साथ हुई थी। वह छठ पर्व मनाने अपने मायके करकोमा आई हुई थी।
अर्घ्य देने के बाद अचानक हुई बेहोश
परिजनों के अनुसार, रविवार रात करीब 8:30 बजे लीलावती ने दानरो नदी में स्नान करने के बाद भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया। इसके बाद वह अपने पूजा स्थल पर बैठकर पूजा-अर्चना कर रही थी। इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ी।
घाट पर मौजूद परिजनों और अन्य लोगों ने उसे इलाज के लिए ले जाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मौत की वजह अब तक स्पष्ट नहीं
घटना की सूचना मिलने पर मेराल पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। परिजनों के अनुसार, सोमवार दोपहर तक ससुराल पक्ष के लोग दाह संस्कार की तैयारी के लिए नहीं पहुंचे थे। परिवार के सदस्य उनसे संपर्क करने का प्रयास कर रहे थे।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







