Petrol Diesel Price: देशभर में पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के बीच आम उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर आई है। देश की प्रमुख निजी ईंधन रिटेलर नायरा एनर्जी (Nyara Energy) ने अपने सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल की कीमत ₹5 प्रति लीटर और डीजल की कीमत ₹3 प्रति लीटर कम करने की घोषणा की है। यह पिछले दो वर्षों में किसी निजी ईंधन कंपनी द्वारा की गई सबसे बड़ी खुदरा मूल्य कटौती मानी जा रही है।
ये भी पढ़ें: सोना-चांदी छोड़िए…अब चोरों का नया ‘टेस्ट’, Hazaribag में ऐसी चोरी कि सुनकर लोग रह गए दंग
क्यों सस्ता हुआ Petrol और Diesel?
कंपनी के अनुसार, पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों में गिरावट आने से यह फैसला लिया गया है। इसके अलावा प्रमुख समुद्री व्यापार मार्गों पर आपूर्ति सामान्य होने से तेल और एलएनजी की उपलब्धता बेहतर हुई है, जिससे वैश्विक बाजार में ईंधन की कीमतों पर दबाव कम हुआ।
नायरा एनर्जी की नई कीमतें देशभर में उसके 7,000 से अधिक पेट्रोल पंपों पर तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं। हालांकि, अलग-अलग राज्यों में VAT (वैट) और स्थानीय करों के कारण अंतिम खुदरा कीमतों में थोड़ा अंतर देखने को मिल सकता है।
सरकारी तेल कंपनियों ने नहीं बदली कीमतें
फिलहाल इंडियन ऑयल (IOC), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है। राजधानी दिल्ली में इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल ₹102.12 प्रति लीटर और डीजल ₹95.20 प्रति लीटर की दर से ही मिल रहा है।
मार्च में बढ़ाए थे दाम, अब वापस ली बढ़ोतरी
गौरतलब है कि नायरा एनर्जी ने मार्च में अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के बाद पेट्रोल ₹5 और डीजल ₹3 प्रति लीटर महंगा किया था। अब कंपनी ने वही बढ़ोतरी पूरी तरह वापस ले ली है।
क्या सरकारी कंपनियां भी घटाएंगी कीमतें?
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें मौजूदा स्तर पर बनी रहती हैं और वैश्विक आपूर्ति सामान्य रहती है, तो आने वाले दिनों में सरकारी तेल कंपनियां भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कटौती कर सकती हैं। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
रिफाइनरी पूरी क्षमता से शुरू
गुजरात के वाडिनार स्थित नायरा एनर्जी की 2 करोड़ टन प्रतिवर्ष क्षमता वाली रिफाइनरी का रखरखाव कार्य पूरा हो चुका है। कंपनी ने बताया कि अब रिफाइनरी पूरी क्षमता के साथ संचालित हो रही है और देशभर में ईंधन की मांग पूरी करने के लिए तैयार है।
ये भी देखें: Khabarmantralive के यूट्यूब चैनलसे जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक करें
कंटेंट राइटर एवं रिपोर्टर, खबर मन्त्र। झारखंड के स्थानीय समाचार, महिला विकास, कला और लाइफस्टाइल खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।












