Khan Sir Coaching Firing: बिहार की राजधानी पटना में देश के दो कोचिंग संस्थानों—खान सर (Khan Sir) और रौशन आनंद सर (Raushan Anand Sir)—के बीच का विवाद अब सड़कों पर आ गया है। खान जीएस रिसर्च सेंटर पर कथित हमले के आरोप में जेल में बंद ज्ञान बिंदु (Gyan Bindu GS Academy) के संचालक रौशन आनंद की रिहाई के लिए गुरुवार को हजारों छात्र पटना के कारगिल चौक पर उतर आए और जोरदार प्रदर्शन किया।
पुलिस ने फायरिंग के वीडियो के आधार पर खान सर के दो सुरक्षा गार्डों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस मामले में खुद खान सर से भी पूछताछ की है, जिससे उन पर भी कानूनी तलवार लटकती दिख रही है।
यह पूरा विवाद बिहार पुलिस सिपाही भर्ती (Bihar Police Constable Exam) के सफल अभ्यर्थियों का क्रेडिट लेने को लेकर शुरू हुआ है। पटना के प्रसिद्ध गुरु रहमान ने इस पूरे मामले पर कहा कि यह सीधे तौर पर पास हुए कैंडिडेट्स का नाम अपनी लिस्ट में शामिल करने के लिए ‘खरीद-फरोख्त’ का मामला है। दोनों ही कोचिंग संस्थानों ने कुछ कॉमन छात्रों को अपनी-अपनी पासिंग लिस्ट में दिखाया था। विवाद तब भड़का जब ज्ञान बिंदु कोचिंग द्वारा आयोजित एक सम्मान समारोह में कुछ ऐसे छात्र पहुंचे, जिन्हें खान सर की कोचिंग भी अपना बता रही थी।
Read More: Dhanbad के सोनारडीह में फिर दहली धरती, टांडाबारी में देर रात भू-धंसान से दहशत, दहल उठे ग्रामीण
CCTV फुटेज से हुआ खुलासा: पोस्टर फाड़ने पर शुरू हुआ था बवाल
इस मामले में एक नया CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसने आग में घी का काम किया। सीसीटीवी फुटेज में कथित तौर पर एक व्यक्ति ज्ञान बिंदु कोचिंग के सम्मान समारोह के पोस्टर को फाड़ते हुए दिखाई दे रहा है। सूत्रों के मुताबिक, पोस्टर फटने को लेकर दोनों संस्थानों के स्टाफ के बीच तीखी बहस हुई थी। आरोप है कि इसी खुन्नस में 2 जून की रात को ज्ञान बिंदु से जुड़े कुछ लोगों ने खान सर की कोचिंग पर पथराव कर दिया था।
मंगलवार की रात को जब खान सर की कोचिंग पर बवाल हुआ था, तब खान सर ने मीडिया के सामने दावा किया था कि कोचिंग पर कई राउंड फायरिंग हुई है। हालांकि, बुधवार की सुबह वह अपने इस बयान से पलट गए और कहा कि “सुरक्षा गार्डों ने मुझे जो बताया था, मैंने वही कहा था।”
इसके बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें खान सर के गार्ड ही हवाई फायरिंग करते नजर आ रहे थे। ज्ञान बिंदु कोचिंग की ओर से इस वीडियो को सबूत के तौर पर पेश किए जाने के बाद, पटना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए खान सर के दो गार्ड्स को हिरासत में ले लिया।
कारगिल चौक जाम, बेऊर जेल में बंद हैं रौशन आनंद
फिलहाल ज्ञान बिंदु कोचिंग के मालिक रौशन आनंद और उनके कुछ सहयोगी बेऊर जेल में बंद हैं। अप ने गुरु की गिरफ्तारी के विरोध में ज्ञान बिंदु के छात्र-छात्राओं ने कारगिल चौक को जाम कर दिया और खान सर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। छात्रों का आरोप है कि खान सर ने अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर रौशन सर को झूठे मामले में फंसाया है।
पुलिस अब दोनों पक्षों के वीडियो, सीसीटीवी फुटेज और बयानों के आधार पर मामले की गहराई से जांच कर रही है। पटना के कोचिंग हब (मुसल्लहपुर हाट और नया टोला) में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
ये भी देखें: CCTV में आखिरी बार दिखी, फिर बंद हो गए सभी कैमरे… आखिर कहां है मासूम Aditi Pandey?
कंटेंट राइटर एवं रिपोर्टर, खबर मन्त्र। झारखंड के स्थानीय समाचार, महिला विकास, कला और लाइफस्टाइल खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।









