धनबाद: Cyber अपराध के खिलाफ धनबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए निरसा थाना क्षेत्र के पिठाकियारी गांव में छापेमारी की। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान एक दर्जन से अधिक संदिग्ध साइबर अपराधियों को हिरासत में लिया गया है। सभी को पूछताछ के लिए चिरकुंडा थाना लाया गया, जहां पुलिस अधिकारियों ने साइबर ठगी से जुड़े मामलों को लेकर पूछताछ की।
चिरकुंडा थाना में हुई पूछताछ
पूछताछ के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्धों से उनके कथित साइबर नेटवर्क, ठगी के तरीकों, बैंक खातों और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश की। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ से साइबर अपराध के नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग मिल सकते हैं।
कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद धनबाद ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब भी चिरकुंडा थाना पहुंचे। उनके साथ साइबर क्राइम रिस्पांस (CCR) से जुड़े अधिकारी प्रदीप कुमार साव और निरसा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी लिलेश्वर महतो भी मौजूद रहे।
साइबर नेटवर्क को खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हिरासत में लिए गए संदिग्धों का आपस में क्या कनेक्शन है और साइबर ठगी के मामलों में उनकी क्या भूमिका रही है। पूछताछ के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद साइबर अपराध से जुड़े अन्य संदिग्धों पर भी पुलिस की नजर होने की संभावना है।
कई थाना प्रभारी रहे मौजूद
पूछताछ के दौरान चिरकुंडा थाना प्रभारी आशुतोष कुमार, कुमारधुबी ओपी प्रभारी मैथ्यू एक्का, गलफरबाड़ी ओपी प्रभारी शेखर कुमार और कालूबथान ओपी प्रभारी बृज किशोर सिंह समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
फिलहाल पुलिस की ओर से हिरासत में लिए गए संदिग्धों की पहचान और कार्रवाई के दौरान हुई बरामदगी का विस्तृत आधिकारिक ब्योरा सामने नहीं आया है। पुलिस की पूछताछ पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जा सकती है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis










