National News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार, 21 सितंबर 2025 को देश के नाम अपने संबोधन में नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं और ‘GST बचत उत्सव’ की शुरुआत का ऐलान किया। पीएम मोदी ने कहा कि 22 सितंबर से देश में जीएसटी सुधारों की नई पहल की शुरुआत हो रही है, जो आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगी।
नवरात्रि पर शुभकामनाओं के साथ नई शुरुआत
प्रधानमंत्री ने कहा, “कल से शक्ति की उपासना का पर्व नवरात्रि आरंभ हो रहा है। सभी देशवासियों को मेरी तरफ से शुभकामनाएं। कल से भारत आत्मनिर्भरता की ओर एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाने जा रहा है — GST सुधारों की शुरुआत होने जा रही है। यह एक प्रकार से देश के लिए बचत उत्सव है।”
read more- Asia Cup 2025 India vs Pakistan: सुपर-4 की जंग आज, कौन बनाएगा फाइनल की राह?
GST सुधारों से क्या होंगे फायदे?
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि GST के तहत अब केवल दो टैक्स स्लैब — 5% और 18% — रहेंगे, जिससे आम लोगों को टैक्स जाल से मुक्ति मिलेगी और खरीदारी करना आसान होगा। उन्होंने कहा कि यह रिफॉर्म देश के मध्यम वर्ग, महिलाओं, छात्रों, उद्यमियों और निवेशकों के लिए फायदेमंद साबित होगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- “यह एक नेक्स्ट जनरेशन रिफॉर्म है जो देश की ग्रोथ स्टोरी को रफ्तार देगा। निवेश को आकर्षक बनाएगा और व्यापार को आसान बनाएगा,” –
‘स्वदेशी’ के मंत्र पर जोर
प्रधानमंत्री ने देशवासियों से अपील की कि वे स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि भारत की समृद्धि, आत्मनिर्भरता और विकास का रास्ता ‘स्वदेशी’ से होकर जाता है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा “हमें विदेशी चीज़ों से मुक्ति पानी होगी और गर्व से कहना होगा कि हम मेड इन इंडिया ही खरीदेंगे,”
read more- 22 सितंबर से नया GST सिस्टम लागू: जानिए क्या होगा सस्ता, क्या महंगा?
‘नागरिक देवो भवः’ और विकसित भारत की दिशा
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन के अंत में कहा कि ‘नागरिक देवो भवः’ के मंत्र के साथ भारत आगे बढ़ रहा है। GST सुधार, देश को विकसित भारत की श्रेणी में लाने की दिशा में एक ठोस प्रयास है।













