Ranchi: झारखंड की राजनीति में सियासी बयानबाजी एक बार फिर तेज हो गई है। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी को संबोधित एक खुला पत्र जारी कर उनके राजनीतिक रवैये पर सवाल उठाए हैं। यह पत्र ऐसे समय सामने आया है जब बाबूलाल मरांडी हाल के दिनों में राज्य सरकार के खिलाफ विभिन्न मुद्दों पर लगातार सवाल उठा रहे हैं।
राकेश सिन्हा ने आरोप लगाया कि बाबूलाल मरांडी जनता के मुद्दों पर रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाने के बजाय प्रेस कॉन्फ्रेंस, बयानबाजी और सरकार को पत्र लिखने की राजनीति तक सीमित हो गए हैं। उन्होंने कहा कि केवल आरोप लगाने से जनता की समस्याओं का समाधान नहीं होगा और विपक्ष की जिम्मेदारी ठोस सुझाव देना भी है।
ठोस समाधान और विकास चाहती है जनता
कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि जब राज्य में विकास, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और आदिवासी-मूलवासी हितों की बात आती है, तब विपक्ष को सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए। उनके अनुसार, जनता अब केवल राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप नहीं, बल्कि ठोस समाधान और विकास चाहती है।
पत्र में भाजपा के शासनकाल का भी जिक्र किया गया है। राकेश सिन्हा ने दावा किया कि भाजपा सरकार के समय बेरोजगारी, पलायन और विकास से जुड़े कई सवाल खड़े हुए थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार से झारखंड के अधिकारों और बकाया राशि के मुद्दे पर बाबूलाल मरांडी की आवाज उतनी मुखर नहीं रही, जितनी राज्य सरकार की आलोचना के दौरान दिखाई देती है।







