झारखंड के रामगढ़ जिले में कमलेश ठाकुर उर्फ दिनेश शर्मा के अपहरण मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अपहरण में इस्तेमाल की गई सफेद मारुति सुजुकी स्विफ्ट कार भी जब्त की है। अपहृत कमलेश ठाकुर को रांची के पिठोरिया इलाके में जंगल के पास से सकुशल बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक, 24 नवंबर 2026 को शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच भुरकुंडा बाजार स्थित गणेश ज्वेलर्स के पास कमलेश ठाकुर के साथ मारपीट की गई। इसके बाद कुछ लोगों ने उन्हें जबरन सफेद स्विफ्ट कार में बैठाकर अगवा कर लिया। घटना के बाद कमलेश की पत्नी रिंकू देवी ने पुलिस को लिखित शिकायत दी, जिसके आधार पर पतरातू (भुरकुंडा ओपी) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
छापेमारी के बाद पिठोरिया के जंगल के पास मिली बरामदगी
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी जानकारी और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस का दावा है कि लगातार दबाव बनाए जाने के बाद आरोपियों ने कमलेश ठाकुर को रांची के पिठोरिया स्थित जंगल के पास छोड़ दिया, जहां से उन्हें सुरक्षित बरामद किया गया।
इसके बाद 24 नवंबर की रात रांची रिंग रोड पर लॉ कॉलेज, होसिर के पास घेराबंदी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई सफेद स्विफ्ट कार भी अपने कब्जे में ले ली।
पैसे के विवाद और आपसी रंजिश की बात आई सामने
पुलिस के अनुसार, पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद और आपसी रंजिश के कारण आरोपियों ने कथित तौर पर अपहरण की योजना बनाई थी। जांच में सामने आया कि आरोपी रांची से कमलेश ठाकुर का पीछा कर रहे थे। उन्हें भुरकुंडा बाजार से अगवा करने के बाद उरीमारी, बड़कागांव, केरेडारी और टंडवा के रास्ते गुमला ले जाने की योजना थी।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धर्मेन्द्र कुमार साव (31), राजमणी गुप्ता उर्फ बन्टी (37), रौशन कुमार सिंह (30), घनश्याम सिंह (43) और पीयूष कुमार (21) के रूप में हुई है।
पुलिस के जारी विवरण के अनुसार, आरोपियों के अलग-अलग पते रांची और रामगढ़ जिले के क्षेत्रों से जुड़े हैं। मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








