रांची: अंतर्राष्ट्रीय बाल विवाह निषेध दिवस के अवसर पर चाइल्ड राइट्स फाउंडेशन (CRF), रांची की ओर से एदलहातु स्थित निर्मला कॉन्वेंट हाई स्कूल में बाल विवाह उन्मूलन को लेकर विशेष जागरूकता एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यालय के कुल 1936 छात्र-छात्राओं ने बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने और अपने समुदाय में इसके खिलाफ आवाज उठाने की शपथ ली।
1936 छात्र-छात्राओं ने बाल विवाह के खिलाफ ली शपथ
कार्यक्रम में चाइल्ड राइट्स फाउंडेशन के सचिव बैद्यनाथ कुमार ने छात्र-छात्राओं को सामूहिक रूप से बाल विवाह के खिलाफ शपथ दिलाई। इस दौरान बच्चों को बाल विवाह के दुष्परिणामों, बच्चों के अधिकारों और शिक्षा के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि बाल विवाह एक कानूनी अपराध है, जो बच्चों के भविष्य और उनके सर्वांगीण विकास को प्रभावित करता है। बाल विवाह को रोकने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। बच्चों की शिक्षा और जागरूकता इस सामाजिक कुरीति को समाप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
बच्चों द्वारा ली गई शपथ:
”मैं शपथ लेता/लेती हूं कि मैं अपने समुदाय में बाल विवाह के खिलाफ हरसंभव प्रयास करूंगा/करूंगी और सुनिश्चित करूंगा/करूंगी कि मेरे/हमारे पड़ोस और समुदाय में किसी बच्चे का बाल विवाह न होने पाए और ऐसे किसी भी प्रयास के बारे में सूचित करने की जिम्मेदारी मेरी है। मैं बच्चों की शिक्षा एवं बाल मजदूरी, बाल यौन शोषण जैसे किसी भी अन्याय और शोषण के खिलाफ सुरक्षा के लिए भी आवाज बुलंद करूंगा/करूंगी।”
बाल विवाह की सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर दें
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को बताया गया कि यदि उनके आसपास या उनकी जानकारी में कहीं भी बाल विवाह हो रहा हो या इसकी तैयारी की जा रही हो, तो इसकी सूचना तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन के टोल-फ्री नंबर 1098 पर दें।
बच्चों ने शपथ ली कि वे अपने समुदाय में बाल विवाह रोकने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे और यह सुनिश्चित करने की दिशा में काम करेंगे कि उनके पड़ोस या समुदाय में किसी बच्चे का बाल विवाह न हो। उन्होंने बाल विवाह के साथ-साथ बाल मजदूरी, बाल यौन शोषण और बच्चों के खिलाफ होने वाले अन्याय एवं शोषण के विरुद्ध भी आवाज उठाने का संकल्प लिया।
CRF के पदाधिकारी और स्कूल के शिक्षक रहे मौजूद
इस कार्यक्रम में चाइल्ड राइट्स फाउंडेशन की ओर से चंदन कुमार (एडवोकेट), अंजू कुमारी, संगीता कुमारी, अनुज शर्मा और राहुल कुमार प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। वहीं, विद्यालय की ओर से प्रिंसिपल विजय कुमार शर्मा सहित सभी शिक्षक मौजूद रहे।
विद्यालय प्रबंधन ने बाल अधिकारों की सुरक्षा और बाल विवाह उन्मूलन के लिए चाइल्ड राइट्स फाउंडेशन की ओर से चलाए जा रहे अभियान की सराहना की। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को जागरूक बनाकर बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना था।
कंटेंट राइटर एवं रिपोर्टर, खबर मन्त्र। झारखंड के स्थानीय समाचार, महिला विकास, कला और लाइफस्टाइल खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।







