Ranchi: राजधानी रांची के पिस्का मोड़ स्थित प्रतिष्ठा रंगोली स्वीट को लेकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक ग्राहक ने दुकान पर बासी मिठाई बेचने और शिकायत करने पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है।
ग्राहक के अनुसार, उसने दुकान से मिठाई खरीदने से पहले स्पष्ट रूप से पूछा था कि मिठाई ताजा है या नहीं। उसका आरोप है कि दुकान के कर्मचारियों ने उसे आश्वस्त किया कि मिठाई पूरी तरह फ्रेश है। इसके बाद वह मिठाई अपने घर ले गया।
ग्राहक का कहना है कि घर पहुंचने के बाद जब उसके बच्चे ने मिठाई खाई तो उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और उसे उल्टी होने लगी। इस पर परिवार के लोगों ने मिठाई की जांच की तो उसमें से खट्टी और बासी महक आने की बात सामने आई। ग्राहक का दावा है कि मिठाई से वही गंध आ रही थी जो आमतौर पर खराब या बासी मिठाई में आती है।
आरोप है कि इसके बाद ग्राहक मिठाई का डिब्बा लेकर दोबारा दुकान पहुंचा और दुकानदार से शिकायत की। वायरल वीडियो में ग्राहक यह दावा करता सुनाई देता है कि दुकानदार ने भी मिठाई में से असामान्य और बासी महक आने की बात स्वीकार की। हालांकि, जब ग्राहक ने यह सवाल उठाया कि यदि मिठाई को फ्रेश बताकर बेचा गया था तो उसमें बासीपन कैसे निकला, तब कथित रूप से दुकानदार नाराज हो गया।
ग्राहक का आरोप है कि शिकायत के दौरान दुकानदार ने उसके साथ बदतमीजी की और न तो मिठाई बदली तथा न ही उसके पैसे वापस किए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो ग्राहक ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया, जो अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से साझा किया जा रहा है।
वीडियो वायरल होने के बाद लोगों के बीच खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और दुकानों में बिकने वाली मिठाइयों की ताजगी को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, इस मामले में अभी तक संबंधित खाद्य सुरक्षा विभाग या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
महत्वपूर्ण: यह खबर वायरल वीडियो और ग्राहक द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। संबंधित दुकान प्रबंधन का पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।









